newsroompost
  • youtube
  • facebook
  • twitter

सोनिया गांधी पर टिप्पणी के बाद 12 घंटे तक हुई अर्नब गोस्वामी से पूछताछ

पुलिस पूछताछ के बाद अर्नब ने कहा कि, मैंने पुलिस के सामने अपना पक्ष रखा, पुलिस इससे संतुष्ट थी। मैं अपने बयान पर कायम हूं, मैंने जो भी कहा वह बिल्कुल सही है।

नई दिल्ली। महाराष्ट्र के पालघर में हुई संतों की हत्या के बाद रिपब्लिक टीवी के एडिटर-इन-चीफ अर्नब गोस्वामी द्वारा कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी पर की गई टिप्पणी को लेकर अर्नब से 12 घंटे तक पूछताछ की गई। अर्नब से यह पूछताछ सेंट्रल मुंबई के एनएम जोशी मार्ग पुलिस स्टेशन में सोमवार सुबह 9.30 बजे से हुई।

Arnab goswami

सुबह शुरू हुआ सवालों का सिलसिला रात 10 बजे तक चला। बता दें कि सोनिया गांधी पर टिप्पणी के मामले में अर्नब पर कांग्रेस के स्थानीय कार्यकर्ता ने केस किया है। अर्नब पर आरोप है कि उन्होंने पालघर मॉब लिंचिंग मामले में सोनिया गांधी के खिलाफ कमेंट कर उनकी मानहानि की है।

मैं अपने बयान पर कायम हूं

पुलिस पूछताछ के बाद अर्नब ने कहा कि मैंने पुलिस के सामने अपना पक्ष रखा, पुलिस इससे संतुष्ट थी। तथ्य और सबूत पेश कर दिए हैं, हकीकत सामने आ जाएगी। हम पर कोई दबाव नहीं है। हम पालघर मॉब लिंचिंग मामले में और काम करेंगे। मैं अपने बयान पर कायम हूं, मैंने जो भी कहा वह बिल्कुल सही है।

Sonia Gandhi Arnab Goswami

अलग-अलग राज्यों में एफआईआर

बता दें कि अर्नब के खिलाफ अलग-अलग राज्यों में एफआईआर दर्ज हुई हैं। महाराष्ट्र के अलावा छत्तीसगढ़, मध्यप्रदेश, राजस्थान, तेलांगना, उत्तर प्रदेश और झारखंड में भी मामले दर्ज हुए हैं। इसको लेकर सुप्रीम कोर्ट ने पिछले शुक्रवार को आदेश देते हुए अर्नब की गिरफ्तारी पर तीन हफ्ते तक की रोक लगा दी है।

Arnab Goswami VIDEO

अर्नब और उनकी पत्नी पर हमला

गौरतलब है कि सोनिया गांधी पर टिप्पणी के बाद पिछले बुधवार की रात अर्नब और उनकी पत्नी समिया गोस्वामी पर उस वक्त हमला हुआ था, जब वो दोनों स्टूडियो से घर लौट रहे थे। रास्ते में दो लोगों ने उनकी गाड़ी पर हमला करने की कोशिश की। आरोपी नाकाम रहे तो उन्होंने गाड़ी पर स्याही फेंकी और फरार हो गए। अर्णब ने इस घटना के लिए भी सोनिया गांधी को जिम्मेदार ठहराया था। उनका कहना था कि आरोपी कांग्रेस कार्यकर्ता थे। इस मामले में पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार किया था, जिन्हें सोमवार, 27 अप्रैल को जमानत मिल गई।

क्या थी अर्नब की टिप्पणी

महाराष्ट्र के पालघर जिले में दो संतों और उनके ड्राइवर की हत्या के मामले में अर्णब ने 16 अप्रैल को टीवी शो में कांग्रेस नेता आचार्य प्रमोद कृष्णन से कहा था अगर किसी पादरी की हत्या होती तो आपकी पार्टी और आपकी पार्टी की ‘रोम से आई हुई इटली वाली’ सोनिया गांधी बिलकुल चुप नहीं रहतीं। अर्णब ने कहा, “सोनिया गांधी तो खुश हैं। वे इटली में रिपोर्ट भेजेंगी कि देखो, जहां पर मैंने सरकार बनाई है, वहां पर हिन्दू संतों को मरवा रही हूं। वहां से उन्हें वाहवाही मिलेगी। लोग कहेंगे कि वाह, सोनिया गांधी ने अच्छा किया। इन लोगों को शर्म आनी चाहिए। क्या उन्हें लगता है कि हिन्दू चुप रहेंगे? आज प्रमोद कृष्णन को बता दिया जाना चाहिए कि क्या हिन्दू चुप रहेंगे? पूरा भारत भी यही पूछ रहा है। बोलने का समय आ गया है।”