newsroompost
  • youtube
  • facebook
  • twitter

Accident: बुलढाना के बाद महाराष्ट्र के सोलापुर में भीषण सड़क हादसे में गई 6 लोगों की जान, 11 बुरी तरह घायल

Accident: जैसे ही इस घटना की लोगों को जानकारी लगी, स्थानीय अधिकारियों और आपातकालीन सेवाओं ने घटनास्थल पर तुरंत प्रतिक्रिया देते हुए राहत एवं बचाव कार्य करते हुए घायलों को नजदीकी अस्पताल पहुंचाया। दुर्घटनास्थल पर स्थिति भयावह थी, वाहनों के मलबे सड़क पर बिखरे हुए थे।

सोलापुर। महाराष्ट्र के सोलापुर जिले में हुई एक भयानक और दिल को दहला देने वाली सड़क दुर्घटना में कर्नाटक के छह तीर्थयात्रियों की जान चली गई, जबकि 11 अन्य घायल हो गए। मृतकों में पांच महिलाएं और एक बच्चा शामिल थे। घायलों को इलाज के लिए नजदीकी अस्पतालों में ले जाया गया है। यह घटना शुक्रवार शाम को हुई और इसमें एक एसयूवी और सीमेंट मिक्सर ट्रक के बीच जोरदार भिड़ंत हो गई। जब दुर्घटना हुई तब ये सभी यात्री पंढरपुर और अक्कलकोट की तीर्थयात्रा से लौट रहे थे। प्रारंभिक रिपोर्टों से पता चला है कि एसयूवी और सीमेंट मिक्सर ट्रक के बीच आमने-सामने की टक्कर के कारण यह दुर्घटना घटी है।

जैसे ही इस घटना की लोगों को जानकारी लगी, स्थानीय अधिकारियों और आपातकालीन सेवाओं ने घटनास्थल पर तुरंत प्रतिक्रिया देते हुए राहत एवं बचाव कार्य करते हुए घायलों को नजदीकी अस्पताल पहुंचाया। दुर्घटनास्थल पर स्थिति भयावह थी, वाहनों के मलबे सड़क पर बिखरे हुए थे, तस्वीरों को देखकर साफ़ अंदाजा लगाया जा सकता है कि दुर्घटना की भीषण रही होगी। घटना के बाद से ही मृतकों के शोक संतप्त परिवारों को संवेदनाएं मिल रही हैं।

अधिकारी इस सड़क दुर्घटना के पीछे के कारणों में वाहनों का अनियंत्रित होना बता रहे हैं। लेकिन सोलापुर के इस क्षेत्र में सड़क दुर्घटनाएं एक बड़ी चिंता बनी हुई हैं और इस दुखद घटना ने एक बार फिर यातायात नियमों को सख्ती से लागू करने और बेहतर सड़क बुनियादी ढांचे की तत्काल आवश्यकता पर प्रकाश डाला है। अभी कुछ दिन पहले ही सोलापुर में एक ट्रक बारिश के कारण कार के ऊपर पलट गया था जिसमें 2 लोगों की जान चली गई थी।