newsroompost
  • youtube
  • facebook
  • twitter

राहुल गांधी के बाद अब Twitter ने सुरजेवाला समेत 5 और कांग्रेस नेताओं के हैंडल किए सस्पेंड, ये है वजह

Twitter News: दरअसल, राहुल और कांग्रेस के इन पांच नेताओं ने अपने हैंडल से बच्ची के घरवालों की पहचान उजागर कर दी थी। जिसके बाद राष्ट्रीय बाल आयोग ने ट्विटर को सभी के खिलाफ कार्रवाई करने का निर्देश दिया था।

नई दिल्ली। कांग्रेस ने दावा किया है कि ट्विटर ने राहुल गांधी के बाद उसके 5 और नेताओं के हैंडल अस्थायी तौर पर सस्पेंड कर दिए हैं। इनमें रणदीप सुरजेवाला का हैंडल भी शामिल है। बुधवार देर रात कांग्रेस की ओर से कहा गया कि सुरजेवाला के अलावा पूर्व केंद्रीय मंत्री जितेंद्र सिंह, पूर्व सांसद सुष्मिता देव, पूर्व केंद्रीय मंत्री और कांग्रेस महासचिव अजय माकन और लोकसभा में पार्टी के व्हिप मनिक्कम टैगोर के हैंडल को भी ट्विटर ने अस्थायी तौर पर सस्पेंड कर दिया है। ट्विटर ने इससे पहले दिल्ली में नाबालिग से रेप और हत्या के मामले में अपने नियमों का उल्लंघन करने पर राहुल गांधी का हैंडल सस्पेंड किया था। ट्विटर ने दिल्ली हाईकोर्ट को इस बारे में जानकारी दी थी।

Rahul Gandhi

दरअसल, राहुल और कांग्रेस के इन पांच नेताओं ने अपने हैंडल से बच्ची के घरवालों की पहचान उजागर कर दी थी। जिसके बाद राष्ट्रीय बाल आयोग ने ट्विटर को सभी के खिलाफ कार्रवाई करने का निर्देश दिया था।

कांग्रेस के महासचिव और मीडिया इंचार्ज रणदीप सुरजेवाला ने राहुल के ट्वीट को री-ट्वीट किया था और लिखा था कि मोदी सरकार दलित की बेटी को न्याय देने की बजाय हमदर्दी और न्याय मांगने वाली बुलंद आवाज को दबाने का षड्यंत्र कर रही है। मोदी जी, ट्विटर को डरा कर राहुल गांधी का अकाउंट बंद कराकर भी बेटी से न्याय की आवाज नहीं दबा पाएंगे। ट्विटर को दबाएं या एफआईआर दर्ज कराएं, न्याय देना होगा।