newsroompost
  • youtube
  • facebook
  • twitter

Giriraj Praises Godse: अब केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह ने नाथूराम गोडसे को कहा भारत का सपूत, त्रिवेंद्र सिंह रावत ने देशभक्त बताया था

गिरिराज सिंह ने कहा कि नाथूराम गोडसे महात्मा गांधी का हत्यारा है, लेकिन वो भारत का सपूत भी है। वो औरंगजेब और बाबर की तरह आक्रांता नहीं था। वो देश में ही पैदा हुआ। नाथूराम गोडसे ने ही राष्ट्रपिता कहे जाने वाले महात्मा गांधी की 30 जनवरी 1948 को दिल्ली के बिड़ला हाउस में गोली मारकर हत्या कर दी थी।

नई दिल्ली। बीजेपी के नेताओं के बयानों की वजह से आजकल महात्मा गांधी का हत्यारा नाथूराम गोडसे फिर चर्चा में है। पहले उत्तराखंड के सीएम त्रिवेंद्र सिंह रावत ने नाथूराम गोडसे को देशभक्त बताया था। अब केंद्रीय मंत्री और बीजेपी के नेता गिरिराज सिंह ने नाथूराम गोडसे को भारत का सपूत बताया है। गिरिराज सिंह ने कहा कि नाथूराम गोडसे महात्मा गांधी का हत्यारा है, लेकिन वो भारत का सपूत भी है। वो औरंगजेब और बाबर की तरह आक्रांता नहीं था। वो देश में ही पैदा हुआ। गिरिराज ने कहा कि जिसको बाबर का औलाद कहलाने में खुशी होती है, वो भारत माता का सही सपूत नहीं हो सकता। सुनिए गिरिराज सिंह का बयान।

पिछले दिनों ही त्रिवेंद्र सिंह रावत ने बलिया के दौरे के वक्त नाथूराम गोडसे की तारीफ की थी। उन्होंने कहा कि जहां तक मैंने जाना है, गोडसे देशभक्त था। रावत ने इसके साथ ही कांग्रेस नेता राहुल गांधी पर भी निशाना साधा था। त्रिवेंद्र सिंह रावत ने कहा कि राहुल गांधी महात्मा गांधी की राह पर चलने की बात करते हैं। महात्मा गांधी ने स्वदेशी की बात की थी। राहुल गांधी कौन से गांधीवाद पर चल रहे हैं। नाथूराम गोडसे के बारे में त्रिवेंद्र सिंह रावत के बयान के बाद कांग्रेस ने बीजेपी से उनके खिलाफ कार्रवाई की मांग भी की है। सुनिए, त्रिवेंद्र सिंह रावत ने नाथूराम गोडसे के बारे में क्या कहा था।

नाथूराम गोडसे की तारीफ करने की वजह से भोपाल से बीजेपी सांसद प्रज्ञा सिंह ठाकुर से पीएम नरेंद्र मोदी नाराज हो गए थे। मोदी ने तब कहा था कि वो कभी भी प्रज्ञा को मन से माफ नहीं कर सकेंगे। अब सबकी नजर इस पर है कि त्रिवेंद्र सिंह रावत की जुबान से नाथूराम गोडसे की तारीफ में निकले बोल पर बीजेपी क्या करती है। नाथूराम गोडसे ने 30 जनवरी 1948 की शाम प्रार्थना सभा के दौरान महात्मा गांधी की गोली मारकर हत्या कर दी थी। उसे फांसी की सजा दी गई थी। एक छोटे से अखबार का नाथूराम गोडसे संपादक हुआ करता था।

nathuram godse
महात्मा गांधी के हत्यारे नाथूराम गोडसे की फाइल फोटो।