newsroompost
  • youtube
  • facebook
  • twitter

MP: यूपी के बाद अब एमपी में बदलेगा रेलवे स्टेशन का नाम, रानी कमलापति के नाम से जाना जाएगा हबीबगंज स्टेशन

MP: पूरे स्टेशन पर अलग-अलग डिस्प्ले बोर्ड के माध्यम से ट्रेनों के आने जाने की ताज़ा जानकारी दी जाएगी। स्टेशन पर यात्रियों के मनोरंजन का भी ख्याल रखा जाएगा। काउंटर भी हाईटेक है, जहां से आसानी से टिकट मिल पाएगा। इस स्टेशन में रेस्टॉरेंट्स की भी सुविधा होगी।

नई दिल्ली। 15 नवंबर को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी मध्य प्रदेश को सौगात देने आ रहे हैं। दरअसल, पीएम मोदी की सरकार ने मध्य प्रदेश स्थित हबीबगंज रेलवे स्टेशन का नाम रानी कमलापति के नाम पर रखने का फैसला लिया है। पीएम मोदी सोमवार, 15 नवंबर को खुद इसका उद्घाटन करेंगे। 100 करोड़ रुपए की लागत से इस रेलवे स्टेशन का पुनर्विकास करके इसे अत्याधुनिक सुविधाओं से लैस बनाया है। भगवान बिरसा मुंडा की जयंती के दिन रेलवे स्टेशन का उद्घाटन होगा, जिसे केंद्र सरकार ने ‘जनजातीय गौरव दिवस’ के रूप में मनाने का फैसला लिया है।

kamlapati..

केंद्रीय गृह मंत्रालय द्वारा जारी किए गए पत्र में कहा गया है, ‘16वीं शताब्दी के दौरान भोपाल क्षेत्र गोंड शासकों के अधीन था। रानी कमलापति का गोंड राजा सूरज सिंह शाह के बेटे निजाम शाह से शादी हुई थी। उन्होंने अपने पूरे जीवनकाल में बड़ी बहादुरी के साथ आक्रांताओं का डटकर सामना किया था। केंद्रीय गृह मंत्रालय की ओर से कहा गया है कि उनकी स्मृतियों को अक्षुण्ण बनाए रखने के लिए और उनके प्रति कृतज्ञता ज्ञापित करने के लिए केंद्र सरकार ने ‘जनजातीय गौरव दिवस’ के दिन स्टेशन के नामकरण करने का निर्णय लिया गया है। बता दें, मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने केंद्र को नाम बदलने का प्रस्ताव भेजा था। राज्य सरकार के निवेदन पर ही हबीबगंज रेलवे स्टेशन का नाम रानी कमलापति के नाम पर रखने का फैसला लिया है। शिवराज सिंह चौहान के साथ ही भोपाल की सांसद साध्वी प्रज्ञा सिंह ठाकुर ने भी यही मांग की थी।


कई सुविधाओं से लैस है रेलवे स्टेशन

सार्वजनिक-निजी (PPP) साझेदारी के साथ बने देश के इस पहले मॉडल रेलवे स्टेशन में एक अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट जैसी सुविधाएँ लोगों को मिलेंगी। यहां बिना किसी भीड़भाड़ के ट्रेन पर चढ़ने और आने वाले यात्रियों के लिए स्टेशन से बाहर निकलने की सुविधा का ख्याल रखा गया है। एस्केलेटर और लिफ्ट के साथ ही 700 यात्रियों की क्षमता वाला कॉनकोर भी है जहां पर यात्री बैठ कर ट्रेन का इंतजार कर पाएंगे।

kamlapati railway

पूरे स्टेशन पर अलग-अलग डिस्प्ले बोर्ड के माध्यम से ट्रेनों के आने जाने की ताज़ा जानकारी दी जाएगी। स्टेशन पर यात्रियों के मनोरंजन का भी ख्याल रखा जाएगा। काउंटर भी हाईटेक है, जहां से आसानी से टिकट मिल पाएगा। इस स्टेशन में रेस्टॉरेंट्स की भी सुविधा होगी। वेटिंग रूम, रिटायरिंग रूम, डॉरमेट्री और वीआईपी लाउंज भी इस रेलवे स्टेशन में बनाए गए हैं। सुरक्षा के लिए स्टेशन पर 159 सीसीटीवी कमरे भी लगाए गए हैं। ये स्टेशन सौर ऊर्जा से संचालित होगा। इसके अलावा आग लगने जैसी घटना के दौरान यात्रियों को सुरक्षित निकालने की भी व्यवस्था की गई है।