newsroompost
  • youtube
  • facebook
  • twitter

मिशन बंगाल के लिए अमित शाह कर रहे हैं इस तरह तैयारी, जानकर हो जाएंगे हैरान

भारतीय जनता पार्टी पश्चिम बंगाल की सत्ता पर काबिज होने के लक्ष्य को हासिल करने के लिये तैयारी कर रही है। पश्चिम बंगाल में आगामी विधानसभा चुनाव को लेकर भाजपा ने अभी से ही तैयारियां शुरू कर दी है।

नई दिल्ली। भारतीय जनता पार्टी पश्चिम बंगाल की सत्ता पर काबिज होने के लक्ष्य को हासिल करने के लिये तैयारी कर रही है। पश्चिम बंगाल में आगामी विधानसभा चुनाव को लेकर भाजपा ने अभी से ही तैयारियां शुरू कर दी है। कोलकाता पहुंचे अमित शाह ने रात 12 बजे तक बैठक की और उन्होंने कहा कि वह यहां हर माह आएंगे और एक सप्ताह तक रहेंगे। उन्होंने कार्यकर्ताओं से कहा कि वह अप्रैल से अक्टूबर तक हर महीने पश्चिम बंगाल में अपनी पार्टी के कार्यकर्ताओं और नेताओं के बीच रहेंगे।

Amit Shah NSG

केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने रविवार को कोलकाता दौरे के दौरान पार्टी नेताओं के साथ मैराथन बैठक की। उन्हें रात 9:30 बजे के करीब वापस दिल्ली लौटना था लेकिन वह रात 12 बजे तक बैठक करते रहे।

Amit Shah

जाते-जाते अमित शाह ने भाजपा नेताओं को दो टूक शब्दों में निर्देश दिया है कि हर हाल में बंगाल फतह करना है। बंगाल की सत्ता पर काबिज होने और सांगठनिक मजबूती के लिए शाह हर महीने राज्य का दौरा करेंगे। उन्होंने यह भी कहा कि दुर्गा पूजा के समय वह कम से कम एक सप्ताह तक बंगाल में रहेंगे।

राजारहाट के एक होटल में हुई इस बैठक में अमित शाह के साथ भाजपा अध्यक्ष जे पी नड्डा, प्रदेश भाजपा अध्यक्ष दिलीप घोष, राष्ट्रीय महासचिव कैलाश विजयवर्गीय, सह प्रभारी अरविंद मेनन, राष्ट्रीय सचिव राहुल सिन्हा, राष्ट्रीय कार्यकारिणी के सदस्य मुकुल रॉय, प्रदेश महासचिव सायंतन बसु और संजय सिंह, सांगठनिक महासचिव सुब्रत चटर्जी समेत पार्टी के अन्य पदाधिकारी मौजूद थे।

Home Minister Amit Shah Orrisa

अमित शाह ने प्रदेश इकाई को स्पष्ट किया है कि बंगाल के राजनीतिक हालात और कार्यकर्ताओं के साथ हो रही हिंसा की जमीनी हकीकत उन्हें भली-भांति पता है। प्रदेश इकाई को केंद्रीय स्तर से हर तरह की मदद मिलेगी। राज्य भाजपा नेतृत्व को किसी बात की चिंता करने की जरूरत नहीं है। उन्होंने कहा कि वह अप्रैल और अक्टूबर के बीच महीने में कम से कम एक बार राज्य का दौरा जरूर करेंगे।

भाजपा सूत्रों के मुताबिक अप्रैल से अक्टूबर तक वह हर महीने में एक बार आएंगे और अक्टूबर के बाद से विधानसभा चुनाव तक हर महीने एक सप्ताह तक यहां रहेंगे।