रांची। एकतरफा प्यार में शाहरुख नाम के युवक ने अंकिता को जिंदा जला दिया था। अंकिता ने शनिवार देर रात करीब 2 बजे रांची के रिम्स अस्पताल में दम तोड़ दिया। शाहरुख ने उसपर पेट्रोल डालकर आग लगा दी थी। 5 दिन से अंकिता मौत से जंग लड़ रही थी, लेकिन इस जंग में वो हार गई। अंकिता ने मौत से पहले बयान दिया कि उसने शाहरुख के एकतरफा प्यार को ठुकरा दिया था। उसके बाद शाहरुख ने उसे जिंदा जला दिया। अंकिता को बचाने के लिए रिम्स के डॉक्टरों ने काफी कोशिश की, लेकिन वे नाकाम रहे।
झारखंड : दुमका में एकतरफा प्यार में पागल शाहरुख ने मोहल्ले की अंकिता नाम की लड़की पर पेट्रोल डाल कर जलाया।पुलिस ने किया गिरफ्तार। शाहरुख लड़की को अंजाम भुगतने की दे रहा था धमकी। pic.twitter.com/d2CZbksa2P
— Grading News (@Grading_News) August 23, 2022
बुरी तरह जल चुकी अंकिता ने मजिस्ट्रेट के सामने बयान में बताया था कि आरोपी ने घटना से करीब 10 दिन पहले उसे मोबाइल पर फोन किया। फोन पर शाहरुख उससे जबरन दोस्ती के लिए दबाव डाल रहा था। जिसपर उसने साफ मना कर दिया। अंकिता ने मजिस्ट्रेट को बताया कि बीते सोमवार रात करीब 8 बजे शाहरुख ने एक बार फिर फोन किया। उसने धमकी दी कि अगर उससे बातचीत नहीं की, तो जान से मार देगा। अंकिता ने बताया था कि उसने अपने पिता को इस बारे में जानकारी दी। उसके पिता ने कहा कि वो शाहरुख के घरवालों से मंगलवार को बात करेंगे।
अंकिता के बयान के मुताबिक रात को खाना खाने के बाद सभी लोग सोने चले गए। वो दूसरे कमरे में थी। उसने बताया कि मंगलवार की सुबह उसे पीठ में दर्द होने लगा और कुछ जलने की बदबू आई। जब उसने आंखें खोलीं, तो शाहरुख को वहां से भागते देखा। वो उसपर पेट्रोल डालकर आग लगा चुका था। आग में अंकिता जलती और चीखती रही। परिवार के लोग दौड़कर पहुंचे और अस्पताल लेकर आए।