newsroompost
  • youtube
  • facebook
  • twitter

Bharat Band: कहीं सड़के जाम तो कहीं रोकी गईं ट्रेनें, जानिए कितना सफल रहा भारत बंद

Bharat Band: केंद्र सरकार की ओर से जारी किए कृषि कानूनों को लेकर प्रदर्शन कर रहे किसानों ने आज भारत बंद किया। सुबह 6 बजे से शाम 4 बजे तक देश में किसानों की ओर से 10 घंटे तक की गई इस कार्रवाई का देश में मिला-जुला सा असर देखा गया है।

नई दिल्ली। केंद्र सरकार की ओर से जारी किए कृषि कानूनों को लेकर प्रदर्शन कर रहे किसानों ने आज भारत बंद किया। सुबह 6 बजे से शाम 4 बजे तक देश में किसानों की ओर से 10 घंटे तक की गई इस कार्रवाई का देश में मिला-जुला सा असर देखा गया है। उत्तर भारत में कई ट्रेनों पर असर दिखा, तो नागपुर में दुकानों को जबरन बंद करवाया गया है। दिल्ली-एनसीआर में भी भारत बंद ट्रैफिक जाम तक ही सीमित रहा। इसके साथ ही दिल्ली और आसपास की सीमाओं पर भीषण जाम की स्थिति देखी गई, जिस वजह से लोगों को दो-चार होना पड़ा। तो वहीं भारतीय किसान यूनियन के प्रवक्ता और किसान नेता राकेश टिकैत ने इस भारत बंद के सफल होने का दावा भी किया है।

राकेश टिकैत का बयान

भारतीय किसान यूनियन का कहना है कि इस आंदोलन को राज्यों का आंदोलन बताने वाले लोगों के मुंह पर आज का भारत बंद तमाचा है। राकेश टिकैत ने कहा कि कृषि कानूनों की वापसी और एमएसपी पर कानून बनाने तक यह आंदोलन पूरी तरह से जारी रहेगा। भारत बंद को किसानों के साथ-साथ मजदूर व्यापारियों, कर्मचारियों, ट्रेड यूनियन का भी सहयोग मिल रहा है। इसके साथ ही राकेश टिकैत ने कहा कि ”हमारा भारत बंद सफल रहा है। हमें किसानों का भी पूरी तरह से समर्थन मिला है। हम सबकुछ सील नहीं कर सकते, क्योंकि हमें लोगों की आवाजाही भी बनाए रखनी है और हम सरकार से बातचीत के लिए पूरी तरह से तैयार हैं, लेकिन कोई वार्ता नहीं हो रही है।”

संयुक्त किसान मोर्चा ने कृषि कानूनों के विरोध में भारत बंद का आह्रवान किया था। जिसे विपक्षी दलों का भी काफी समर्थन मिला है। कांग्रेस, आम आदमी पार्टी, बीएसपी, सपा, टीडीपी आदि सभी दलों ने भारत बंद का समर्थन किया।

पंजाब में रोकी गईं ट्रेनें

‘भारत बंद’ का असर पंजाब और हरियाणा में काफी दिखाई दिया है। दोनों राज्यों में कई स्थानों पर किसानों ने राजमार्गों, सड़कों को अवरुद्ध कर दिया और रेलवे ट्रैक पर बैठ गए, जिससे सामान्य जनजीवन प्रभावित हुआ। पंजाब में सत्तारूढ़ कांग्रेस ने कहा कि वह तीन विवादास्पद कानूनों के खिलाफ किसान यूनियनों के ‘भारत बंद’ के आह्वान के साथ खड़ी है।

band

दिल्ली-गुरुग्राम बॉर्डर जाम

दिल्ली-गुरुग्राम बॉर्डर पर भी भीषण जाम जैसी स्थिति देखी गई। यहां कई घंटों तक गाड़ियां जाम में फंसी रहीं। ऑफिस होने और भारत बंद की वजह से यह जाम समय के साथ और बढ़ता चला गया। सिर्फ दिल्ली-गुरुग्राम ही नहीं, बल्कि दिल्ली-नोएडा-दिल्ली एक्सप्रेस-वे पर भी लंबा जाम लगा हुआ दिखा।