newsroompost
  • youtube
  • facebook
  • twitter

Varun Gandhi B’Day: बेबाक नेता वरुण गांधी का बर्थडे आज, जानिए पत्नी से पहली मुलाकात और उनके राजनीतिक सफर के किस्से

Varun Gandhi B’Day: पीलीभीत लोकसभा क्षेत्र मेनका गांधी की कर्मस्थली मानी जाती है, लेकिन इस समय पीलीभीत लोकसभा क्षेत्र का दायित्व बेटे वरुण गांधी के कंधों पर है। वरुण वहां से सांसद हैं। साल 1983 से पूर्व केंद्रीय मंत्री मेनका गांधी का पीलीभीत से काफी जुड़ाव रहा है।

नई दिल्ली। लोकसभा सदस्य, लेखक, और बीजेपी के अहम नेता वरुण गांधी का आज जन्मदिन है। कम आयु में ही राजनीति में अपने कदम मजबूती से जमाने वाले वरूण को राजनीति विरासत में मिली है। वरुण गांधी का जन्म 13 मार्च 1980 को नई दिल्ली में हुआ था। वरूण भारत की पूर्व प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी के पोते हैं। उनकी मां मेनका गांधी हैं और उनके पिता संजय गांधी हैं, जिनकी मौत एक विमान दुर्घटना में जून 1980 में हो गई थी। उस समय वरुण की उम्र मात्र 3 माह थी। वैसे तो पीलीभीत लोकसभा क्षेत्र मेनका गांधी की कर्मस्थली मानी जाती है, लेकिन इस समय पीलीभीत लोकसभा क्षेत्र का दायित्व बेटे वरुण गांधी के कंधों पर है। वरुण वहां से सांसद हैं। साल 1983 से पूर्व केंद्रीय मंत्री मेनका गांधी का पीलीभीत से काफी जुड़ाव रहा है। 1989 में पहला लोकसभा चुनाव भी उन्होंने इसी सीट से लड़ा था। साल 2009 के लोकसभा चुनाव के दौरान उन्होंने इसी सीट से अपने बेटे पुत्र वरुण गांधी को चुनावी मैदान में उतारा था। मेनका का ये फैसला सफल रहा। वरुण गांधी इस इलेक्शन में रिकार्ड मतों के अंतर से सांसद चुने गए थे। वहीं मेनका गांधी आंवला सीट से सांसद चुनी गई थीं।

इसके बाद 2014 में वरुण गांधी सुल्तानपुर सीट से चुनाव लड़े, वहीं मेनका गांधी ने पीलीभीत सीट से सांसद चुनी गईं। इसके बाद 2019 में वरुण गांधी एक बार फिर पीलीभीत से चुनाव लड़े और फिर से जीत दर्ज की। तब से वो एक कुशल राजनीतिज्ञ के रूप में अपनी मां की कर्मस्थली को संभाल रहे हैं। युवा नेता वरुण काफी एक्टिव हैं और वो मेनका गांधी के कुछ खास समर्थकों के साथ लगातार संपर्क में भी रहते हैं। इसके अलावा पार्टी संगठन के साथ तालमेल स्थापित करने में भी उन्हें महारत हासिल है। वरुण अपने संसदीय क्षेत्र के लोगों से संपर्क बनाए रखने और उनकी समस्याओं को सुनने के लिए हर माह भ्रमण पर आते रहते हैं। लोगों के हक के लिए आवाज उठाने वाले वरुण कई बार अपनी ही पार्टी के विरुद्ध खड़े नजर आए हैं। फिर चाहें वो किसान आंदोलन का मुद्दा हो, बेरोजगारो पर लाठी चार्ज या लखीमपुर हिंसा का मामला। कई बार उन्होंने अपनी ही पार्टी को सवालों के कटघरे में खड़ा कर दिया।

वरुण गांधी की पर्सनल लाइफ की बात करें, तो अपने बेबाकपन और भड़काऊ भाषणों के लिए मशहूर वरुण गांधी की पत्नी का नाम ‘यामिनी रॉय’ है। वो एक ‘ग्राफिक डिजाइनर’ हैं। उनकी पहली मुलाकात ‘न्यूयॉर्क’ मे हुई थी। उस समय वरुण यूनिवर्सिटी ऑफ लंदन से एमएससी की पढ़ाई कर रहे थे। गांधी परिवार से ताल्लुक रखने वाले वरुण की पत्नी यामिनी एक बंगाली परिवार से ताल्लुक रखती हैं।  6 मार्च 2011 को यूपी के वाराणसी में ‘कांची कामकोटि मठ’ में दोनों ने शादी की थी। वरुण और यामिनी रॉय की एक बेटी भी है जिसका नाम ‘अनसुया गांधी’ है।