newsroompost
  • youtube
  • facebook
  • twitter

Kesharinath Tripathi: बीजेपी के कद्दावर नेता और प. बंगाल के पूर्व गवर्नर केशरीनाथ त्रिपाठी का निधन, काफी दिनों से थे बीमार

केशरीनाथ त्रिपाठी कई बार यूपी विधानसभा के स्पीकर भी रहे। वो इतने कद्दावर नेता थे कि विधानसभा में किसी मामले पर जब वो व्यवस्था देते थे, तो पक्ष के साथ ही विपक्ष के विधायक भी उस व्यवस्था को मान लेते थे। केशरीनाथ त्रिपाठी को संविधान के बारे में बहुत जानकारी थी।

प्रयागराज। यूपी के बीजेपी नेता और पश्चिम बंगाल के पूर्व गवर्नर केशरीनाथ त्रिपाठी का आज सुबह निधन हो गया। वो काफी दिनों से बीमार थे। केशरीनाथ त्रिपाठी 88 साल के थे। उनके परिवार के मुताबिक उन्होंने आज सुबह 5 बजे अंतिम सांस ली। आज ही उनको लखनऊ ले जाकर एसजीपीजीआई में भर्ती कराना था। प्रयागराज में वो अपने घर पर ही थे। सीएम योगी आदित्यनाथ और अन्य नेताओं ने केशरीनाथ त्रिपाठी के निधन पर शोक जताया है। केशरीनाथ त्रिपाठी को दो बार कोरोना भी हुआ था। एसजीपीजीआई में उनका लंबा इलाज भी चला था। जिसके बाद वो कोरोना मुक्त हुए थे।

केशरीनाथ त्रिपाठी के परिवार से मिली जानकारी के मुताबिक 8 दिसंबर 2022 को बाथरूम में फिसलने से उनके कंधे में फ्रैक्चर हो गया था। उनको डॉक्टर को दिखाया गया, लेकिन हालत खराब होती रही। 30 दिसंबर 2022 से उनकी हालत बहुत गंभीर हो गई थी। उनको निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया था। जहां से 5 दिन बाद उनको घर भेज दिया गया था। बीती 7 जनवरी से केशरीनाथ त्रिपाठी को सांस लेने में भी दिक्कत होने लगी थी।

kesharinath tripathi 2

केशरीनाथ त्रिपाठी कई बार यूपी विधानसभा के स्पीकर भी रहे। वो इतने कद्दावर नेता थे कि विधानसभा में किसी मामले पर जब वो व्यवस्था देते थे, तो पक्ष के साथ ही विपक्ष के विधायक भी उस व्यवस्था को मान लेते थे। केशरीनाथ त्रिपाठी को संविधान के बारे में बहुत जानकारी थी। विधानसभा के नियमों को भी वो बखूबी जानते थे और विधायकों को इस बारे में सचेत करते रहते थे कि वे नियमों का कतई उल्लंघन न करें। केशरीनाथ त्रिपाठी के परिवार के मुताबिक आज शाम को 4 बजे प्रयागराज के रसूलाबाद घाट पर अंतिम संस्कार किया जाएगा। केशरीनाथ त्रिपाठी इलाहाबाद हाईकोर्ट के सीनियर वकील भी थे। साल 2004 में जौनपुर सीट से उन्होंने लोकसभा का चुनाव भी लड़ा था।