newsroompost
  • youtube
  • facebook
  • twitter

दिल्ली से बाहर जाने पर तत्काल लगी रोक, पुलिस पलायन कर रहे लोगों को दिल्ली में उनके ठिकानों तक छोड़ेगी

इस बीच जो मजूदर आनंद विहार बस अड्डे पर पहले ही पहुंच गए थे उन्हें सरकारी बसों से यूपी भेजा जा रहा है। पैदल जाने वालों को रोका जा रहा है। हरियाणा सरकार भी ऐसे लोगों की मदद के लिए आगे आई है।

नई दिल्ली। दिल्ली से हो रहे भारी पलायन पर केंद्र सरकार हरकत में आई है। दिल्ली पुलिस को निर्देश जारी किए गए हैं कि जो भी यात्री आनंद विहार बस अड्डे पर हैं, इन सभी को दिल्ली से बाहर नहीं जाने दिया जाएगा। पुलिस इन सभी को बसों में बिठाएगी और इसके बाद इन्हें दिल्ली में इनके ठिकानों तक छोड़ा जाएगा।

anand vihar

दिल्ली के आनंद विहार की तरफ जाने वाली सड़क पर दिल्ली सरकार की तरफ से होर्डिंग लगा दी गई है। इस होर्डिंग में लिखा गया है कि दिल्ली छोड़कर मत जाइए। यहां पर सरकार ने रहने व खाने का पूरा इंतजाम किया है। आनंद विहार ही नही बल्कि दिल्ली के अलग अलग हिस्सों से लोग बाहर निकलने की कोशिश कर रहे हैं।

दिल्ली के उत्तम नगर टर्मिनल के पास भी ऐसे कई लोग जमा हो गए हैं। पुलिस इन्हें समझाकर वापस घर भेजने का प्रयास कर रही है। इस बीच दिल्ली-यूपी गेट पर पुलिस सभी वाहनों की चैकिंग कर रही है। कोई भी मजदूर अगर किसी वाहन के जरिए बाहर जाता दिखाई दे रहा है तो उसे वाहन उतार कर उसके ठिकाने पर वापिस भेजा जा रहा है।

UP Bus Corona Yogi Government

इस बीच जो मजूदर आनंद विहार बस अड्डे पर पहले ही पहुंच गए थे उन्हें सरकारी बसों से यूपी भेजा जा रहा है। पैदल जाने वालों को रोका जा रहा है। हरियाणा सरकार भी ऐसे लोगों की मदद के लिए आगे आई है। हरियाणा रोडवेज विभाग ने 1000 बस दिल्ली भेजी हैं। मगर अब कोशिश इसी बात की जारी है कि लोगों को आगे न जाने दिया जाए। पुलिस की इस सख्ती के कारण पलायन कम होता दिख रहा है।