newsroompost
  • youtube
  • facebook
  • twitter

President Droupadi Murmu: राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू पर कांग्रेस नेता अधीर रंजन चौधरी कर बैठे ऐसे टिप्पणी जिससे मच गया बवाल, माफी मंगने से इनकार करते हुए कहा…

President Droupadi Murmu: कांग्रेस नेता अधीर रंजन के इस बयान पर भाजपा प्रदेशाध्यक्ष सतीश पूनिया ने नाराज़गी जताई है। पूनिया ने कहा है कि लोकसभा में जो टिप्पणी कांग्रेस के नेता अधीर रंजन चौधरी द्वारा राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू के विरूद्ध की गई वो स्तरहीन है। इस तरह की टिप्पणी से देश के  संविधान, महिला और जनजाति समाज की गरिमा को नुकसान हुआ है।

नई दिल्ली। कांग्रेस नेता अधीर रंजन अपने एक बयान को लेकर विवादों में घिर गए है। न सिर्फ खुद इस बयान की वजह से अब कांग्रेस पार्टी की भी मुश्किलें बढ़ती दिख रही है। दरअसल, ईडी कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी से भी पूछताछ कर रही है। इसी को लेकर बीते शुक्रवार को भी पार्टी (कांग्रेस) ने संसद भवन परिसर में विरोध किया था। इसी दौरान एक निजी चैनल से बातचीत करते हुए कांग्रेस नेता अधीर रंजन चौधरी की जुबान फिसल गई थी। कांग्रेस नेता ने देश की राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू के लिए ‘राष्ट्रपत्नी’ शब्द का इस्तेमाल किया था। यहां चौंकाने वाली बात ये भी है कि उन्होंने एक बार नहीं बल्कि कई बार राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू के लिए ‘राष्ट्रपत्नी’ शब्द का इस्तेमाल किया। अब अधीर रंजन चौधरी की इसी अशोभनीय टिप्पणी पर भारतीय जनता पार्टी हमलावर हो गई है।

droupadi murmu

बयान पर खूब हो रहा हंगामा

लोकसभा में भी कांग्रेस नेता अधीर रंजन द्वारा राष्ट्रपति को लेकर की गई विवादित टिप्पणी पर खासा बवाल हुआ। केंद्रीय मंत्री स्मृति ईरानी की तरफ से मामले पर कांग्रेस पार्टी की अध्यक्ष सोनिया गांधी से माफी मांगने की बात भी कही गई। स्मृति ईरानी ने कहा कि इस बयान के लिए अधीर रंजन चौधरी और कांग्रेस पार्टी को देश के गरीब लोगों और आदिवासियों से माफी मांगनी चाहिए। अधीर रंजन चौधरी के इस बयान के विरोध में आज राजस्थान बीजेपी की तरफ से प्रदेशव्यापी धरना-प्रदर्शन का ऐलान किया गया है। इस धरना प्रदर्शन के तहत पार्टी के युवा, महिला, जनजाति मोर्चा के नेतृत्व में कार्यकर्ता सड़कों पर उतरकर बयान के लिए गुस्सा ज़ाहिर करेंगे।

बयान पर बवाल के बाद क्या बोले अधीर रंजन 

राष्ट्रपति पर विवादित टिप्पणी को लेकर बीजेपी के विरोध प्रदर्शन के बीच कांग्रेस नेता अधीर रंजन चौधरी की इसपर सफाई भी आ चुकी है। अपने बयान पर मचे बवाल के बीच उन्होंने कहा है कि “इस पर माफी मांगने का सवाल ही नहीं है। मेरे मुंह से राष्ट्रपति के लिए गलत शब्द निकला, अब अगर आप मुझे इसके लिए फांसी देना चाहते हैं, तो आप दे सकते हैं।” भाजपा पर मामले को तूल देने का आरोप लगाते हुए अधीर रंजन ने कहा कि सत्ताधारी दल मेरे बयान को लेकर जानबूझकर इसे तिल से पहाड़ बनाने में लगी हुई है। जबकि मैं राष्ट्रपति का पूरा सम्मान करता हूं।”

माफी मांगें सोनिया समेत पूरी कांग्रेस पार्टी- पूनिया

कांग्रेस नेता अधीर रंजन के इस बयान पर भाजपा प्रदेशाध्यक्ष सतीश पूनिया ने नाराज़गी जताई है। पूनिया ने कहा है कि लोकसभा में जो टिप्पणी कांग्रेस के नेता अधीर रंजन चौधरी द्वारा राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू के विरूद्ध की गई वो स्तरहीन है। इस तरह की टिप्पणी से देश के  संविधान, महिला और जनजाति समाज की गरिमा को नुकसान हुआ है। ऐसे में इसके लिए कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी समेत पूरी पार्टी को देश से अपने इस काम के लिए माफी मांगनी चाहिए।