newsroompost
  • youtube
  • facebook
  • twitter

दिल्ली में कोरोना कंटेनमेंट जोन की संख्या पहुंची 148, जहां मरीज ज्यादा, वहां कंटेनमेंट जोन कम!

इस बीच एक चौंकाने वाली तस्वीर यह आई है कि दिल्ली के जिन जिलों में कोरोना मरीजों की संख्या ज्यादा है, वहां कंटेनमेंट जोन बेहद कम हैं।

नई दिल्ली। दिल्ली में कोरोना का ग्राफ दिन प्रतिदिन बिगड़ता जा रहा है। अनलॉक वन में दिल्ली को लगभग खोल दिया गया है। सिर्फ कंटेनमेंट जोन में सख्ती बरकरार है। मगर अब इन कंटेनमेंट जोन की संख्या भी तेजी से बढ़ती जा रही है। दिल्ली में कंटेनमेंट जोन की संख्या अब 148 पहुंच गई है। पिछले 24 घंटे में पांच नए कंटेनमेंट जोन जुड़े हैं।

delhi corona

इस बीच एक चौंकाने वाली तस्वीर यह आई है कि दिल्ली के जिन जिलों में कोरोना मरीजों की संख्या ज्यादा है, वहां कंटेनमेंट जोन बेहद कम हैं।

सेंट्रल दिल्ली में केवल 7 कंटेनमेंट जोन बनाए गए हैं जबकि यहां कोरोना के कुल मरीजों की संख्या 3209 पहुंच चुकी है। इसी तरह नार्थ वेस्ट दिल्ली में कोरोना मरीजों का कुल आंकड़ा 3679 है मगर यहां कंटेनमेंट जोन केवल 16 हैं। इसी तरह ईस्ट दिल्ली में कोरोना के कुल मामले 1156 हैं पर यहां कंटेनमेंट जोन केवल 6 हैं।

Satyendra Jain and Arvind Kejriwal

साउथ दिल्ली में अब तक 18 कंटेनमेंट जोन हो चुके हैं जबकि साउथ वेस्ट दिल्ली में इनकी संख्या 30 पहुंच चुकी है। साउथ ईस्ट दिल्ली में 13 कंटेनमेंट जोन हैं जबकि नार्थ दिल्ली में इनकी संख्या 17 हो चुकी है। शहादरा में आठ, नार्थ ईस्ट दिल्ली में 5 और नई दिल्ली में 10 कंटेनमेंट जोन बनाए गए हैं। वेस्ट दिल्ली में 18 और नार्थ वेस्ट दिल्ली में 16 कंटेनमेंट जोन बनाए गए हैं।