newsroompost
  • youtube
  • facebook
  • twitter

Delhi News : फिरौती के पैसे से कार खरीदने के लिए खुद को किया किडनैप, फिर पापा को फोन कर मांगे 2 लाख रुपए

Delhi News : पुलिस ने बताया कि खुद को किडनैप करने के बाद आरोपी ने अपने घर पर फोन किया और कहा कि उनके बेटे को 4-5 लोगों ने किडनैप कर लिया है। उसने परिवार से 2 लाख रुपए की मांग की। पुलिस उपायुक्त ने बताया कि आरोपी प्रेमचंद के मोबाइल फोन के स्थान का पता लगाया गया और यह धनकोट, गुरुग्राम में सक्रिय पाया गया।

नई दिल्ली। राजधानी दिल्ली से एक ऐसा हैरान करने वाला मामला सामने आया है जिसे सुनकर आप भी अपना माथा पकड़ लेंगे और सोचने पर मजबूर हो जाएंगे कि क्या वाकई कोई ऐसा कर सकता है। राजधानी दिल्ली में एक 21 साल के लड़के ने अपने आप को किडनैप करने की साजिश रच डाली। पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, एक 21 साल के लड़के ने खुद को किडनैप करने की साजिश रची जिससे की वो अपने पिता से 2 लाख रुपए निकलवा सके। पुलिस ने युवक को गिरफ्तार कर लिया है।

फिरौती मिलने के बाद खरीदना चाहता था कार

दरअसल ये पूरा मामला दिल्ली के नजफगढ़ इलाके का है जहां रहने वाला आरोपी प्रेमचंद एक निजी कंपनी में डिलीवरी ब्वॉय का काम करता है। पुलिस ने बताया कि प्रेमचंद एक कार खरीदना चाहता था। वो कार खरीद कर उसे कैब के रूप में चलाना चाहता था। इसके लिए उसे पैसों की जरूरत थी। जब वो खुद से पैसे नहीं जुटा सका तो खुद को किडनैप करने की साजिश रच डाली। पुलिस ने बताया कि उसने खुद को किडनैप कर 12 अक्टूबर को अपने घर पर फिरौती के लिए फोन किया। घरवालों ने छावला थाने में इसकी शिकायत की थी।

जब साजिश की पूरी प्लानिंग हुई फेल

इस मामले में अधिक जानकारी देते हुए पुलिस ने बताया कि खुद को किडनैप करने के बाद आरोपी ने अपने घर पर फोन किया और कहा कि उनके बेटे को 4-5 लोगों ने किडनैप कर लिया है। उसने परिवार से 2 लाख रुपए की मांग की। पुलिस उपायुक्त ने बताया कि आरोपी प्रेमचंद के मोबाइल फोन के स्थान का पता लगाया गया और यह धनकोट, गुरुग्राम में सक्रिय पाया गया। एक पुलिस टीम, आरोपी के परिवार के सदस्यों के साथ, मौके पर गई और आरोपी को मोटरसाइकिल पर देखा। पुलिस टीम ने उसका पीछा करने के बाद उसे पकड़ लिया। पुलिस इसके आगे की पूछताछ कर रही है।

अपने ही किडनैपिंग बौर फिरौती का षड्यंत्र रचने वाले आरोपी प्रेमचंद ने पुलिस को बताया कि उसने एक कार खरीदने और एक ऐप-आधारित कैब एग्रीगेटर के माध्यम से उसे टैक्सी के रूप में गुरुग्राम में चलाने के लिए अपने पिता से पैसे वसूलने के लिए अपने अपहरण की कहानी गढ़ी थी। पुलिस उपायुक्त ने कहा कि प्रेमचंद के खिलाफ भारतीय दंड संहिता (आईपीसी) की धारा 387 के तहत मामला दर्ज करके उसे गिरफ्तार कर लिया गया है।