newsroompost
  • youtube
  • facebook
  • twitter

Assam: असम के नए मुख्यमंत्री होंगे हेमंत बिस्वा सरमा, BJP विधायक दल की बैठक में हुआ फैसला

Assam: इससे पहले असम के मुख्यमंत्री सर्बानंद सोनोवाल ने रविवार को यहां राजभवन में राज्यपाल जगदीश मुखी को अपना इस्तीफा सौंपा। अधिकारियों ने कहा कि राज्यपाल ने सोनोवाल को नए मुख्यमंत्री नियुक्त होने तक पद पर बने रहने के लिए कहा गया है।

नई दिल्ली। असम (Assam) का अगला मुख्यमंत्री कौन होगा अब ये साफ हो गया है। असम में एक हफ्ते से जारी मुख्यमंत्री के नाम पर सस्पेंस आखिरकार रविवार को खत्म हो गया है। असम के अगले मुख्यमंत्री हेमंत बिस्वा सरमा (Himanta Biswa Sarma) होंगे। इस फैसला भाजपा विधायक दल की बैठक में फैसला हुआ। इस मौके पर गुवाहाटी में मौजूद केंद्रीय मंत्री नरेंद्र सिंह तोमर ने कहा कि, मैं सर्वसम्मति से असम राज्य भाजपा विधानमंडल के नेता के रूप में हेमंत बिस्वा सरमा को विधायक दल का नेता घोषित करता हूं।

2001 से पांचवीं बार जलकुबरी विधानसभा सीट से चुने गए सरमा सोनोवाल सरकार में महत्वपूर्ण मंत्री रहे। रविवार की गुवाहाटी बैठक दिल्ली में भाजपा अध्यक्ष जेपी नड्डा के आवास पर तीन दौर की बैठकों के बाद हुई, जिसमें निवर्तमान असम के मुख्यमंत्री सर्बानंद सोनोवाल, सरमा, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह और भाजपा महासचिव (संगठन) बी.एल. संतोष उपस्थित थे।

Himanta Biswa Sarma

इससे पहले असम के मुख्यमंत्री सर्बानंद सोनोवाल ने रविवार को यहां राजभवन में राज्यपाल जगदीश मुखी को अपना इस्तीफा सौंपा। अधिकारियों ने कहा कि राज्यपाल ने सोनोवाल को नए मुख्यमंत्री नियुक्त होने तक पद पर बने रहने के लिए कहा गया है। हाल ही में संपन्न विधानसभा चुनाव में माजुली निर्वाचन क्षेत्र से दोबारा चुने गए सोनोवाल ने 24 मई, 2016 को पूर्वोत्तर राज्य के 14 वें मुख्यमंत्री के रूप में पदभार ग्रहण किया था।