newsroompost
  • youtube
  • facebook
  • twitter

हिंदू रक्षा दल ने ली जेएनयू हिंसा की जिम्मेदारी- कहा हमने कराया हमला, आगे भी करेंगे

जवाहर लाल नेहरू यूनिवर्सिटी (जेएनयू) में रविवार रात हुई हिंसा में अब नया मोड़ सामने आया है। जेएनयू में मास्क पहनकर छात्रों पर हमला करने वाली भीड़ की जिम्मेदारी हिंदू रक्षा दल नाम के एक संगठन ने ली है।

नई दिल्ली। जवाहर लाल नेहरू यूनिवर्सिटी (जेएनयू) में रविवार रात हुई हिंसा में अब नया मोड़ सामने आया है। जेएनयू में मास्क पहनकर छात्रों पर हमला करने वाली भीड़ की जिम्मेदारी हिंदू रक्षा दल नाम के एक संगठन ने ली है। संगठन के अध्यक्ष पिंकी चौधरी का वीडियो वायरल हो रहा है जिसमें वह जेएनयू में हुई हिंसा की जिम्मेदारी ले रहे हैं। अब इस दावे पर दिल्ली पुलिस ने जांच भी शुरू कर दी है।

Pinky Chaudhary

वायरल वीडियो में पिंकी चौधरी ने जेएनयू में देश विरोधी गतिविधियों का हवाला दिया और चेतावनी दी कि ऐसी गतिविधियां बर्दाश्त नहीं की जाएंगी। इतना ही नहीं चौधरी ने धमकी भी दी है कि वह आगे भी ऐसा करेगा। पिंकी चौधरी ने कहा, ‘जो गतिविधियां हुईं हमें बर्दाश्त नहीं हैं। ये लोग हमारे देश में रहते हैं, हमारे देश का खाते हैं। हमारे देश में ही शिक्षा प्राप्त कर रहे हैं। हमारे देश में ऐसी गतिविधियां हिंदू रक्षा दल बर्दाश्त नहीं करेगा।’

पिंकी चौधरी ने आगे कहा, ‘देश विरोधी गतिविधियां, अगर हमारे यहां कोई करेगा, तो उसे इसी तरह का जवाब दिया जाएगा जैसे हमने कल शाम को दिया। और इसकी जिम्मेदारी हम लेते हैं। हमारे धर्म के खिलाफ, इतना गलत बोलना किस तरह का इन लोगों का व्यवहार है। कई वर्षों से जेएनयू कम्यूनिस्टों का अड्डा बना हुआ है और ऐसे अड्डे हम लोग बर्दाश्त नहीं कर सकते हैं। हम लोग अपने धर्म के लिए अपने प्राण न्योछावर करने को तैयार रहते हैं।’

बता दें कि रविवार रात को कुछ नकाबपोश लोगों ने स्टूडेंट्स और टीचर्स पर हमला कर दिया था। घायल स्टूडेंट्स को एम्स के ट्रॉमा सेंटर में भर्ती कराया गया। मामले में अभी तक कोई गिरफ्तारी नहीं हुई है।