newsroompost
  • youtube
  • facebook
  • twitter

Uttrakhand: ओलंपिक से वापस आईं हॉकी टीम की खिलाड़ी वंदना कटारिया को CM पुष्कर सिंह धामी ने किया सम्मानित

Uttrakhand: उत्तराखंड के सीएम पुष्कर सिंह धामी गुरुवार को दिल्ली से लौटने के बाद हरिद्वार दौरे पर रहे। इस दौरान वो भारतीय हॉकी टीम की खिलाड़ी वंदना कटारिया के घर गए। जहां उनसे ना सिर्फ मुलाकात की बल्कि उन्हें सम्मानित भी किया।

नई दिल्ली। उत्तराखंड के सीएम पुष्कर सिंह धामी गुरुवार को दिल्ली से लौटने के बाद हरिद्वार दौरे पर रहे। इस दौरान वो भारतीय हॉकी टीम की खिलाड़ी वंदना कटारिया के घर गए। जहां उनसे ना सिर्फ मुलाकात की बल्कि उन्हें सम्मानित भी किया। इसके अलावा उन्होंने टोक्यों ओलंपिक में शानदार प्रदर्शन के लिए बधाई भी दी है। वंदना संग उनकी मुलाकात की तस्वीरें सोशल मीडिया पर वायरल हो रही हैं।

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने वंदना कटारिया को 25 लाख रूपये का चेक प्रदान किया। इस अवसर पर सीएम ने वंदना कटारिया को तीलू रौतेली पुरस्कार से भी सम्मानित किया। इसके तहत उन्हें 31 हजार रूपये का चेक एवं प्रशस्ति पत्र प्रदान किया। वंदना कटारिया को महिला सशक्तीकरण के तहत ‘‘बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ अभियान का ब्रांड एम्बेसडर भी बनाया गया है।

vandana katariya

इस मौके पर पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि वंदना ने टोकियो ओलंपिक में अपने शानदार प्रदर्शन से प्रदेश का मान-सम्मान बढ़ाया है। उत्तराखंड की बेटी ने एक मैच में हैट्रिक बनाकर अपनी अलग पहचान बनाई। उन्होंने वंदना को आगे भी इसी मनोबल से खेलने के लिए प्रेरित किया। मुख्यमंत्री ने कहा कि खिलाड़ियों को अधिक से अधिक सुविधाएं मिल सके, इसके लिए राज्य में नई खेल नीति बनाई जा रही है। उन्होंने वंदना कटारिया के उज्ज्वल भविष्य की कामना की है।

बता दें कि वंदना कटारिया टोक्यो ओलंपिक में दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ शानदार प्रदर्शन किया। वो हैट्रिक लगाने वाली पहली भारतीय महिला हॉकी खिलाड़ी बन गई हैं। बुधवार को वो जब हरिद्वार पहुंची तो उनका भव्य स्वागत किया गया।

वंदना कटारिया ने बताया कि अपने गांव में आकर बहुत अच्छा लग रहा है। उन्होंने बताया कि इस खुशी को शब्दों में बयां नहीं कर सकती हैं। उन्होंने ये भी कहा कि देशभर से जो प्यार मिला है उसके लिए वो सभी का आभार जताती हैं।