newsroompost
  • youtube
  • facebook
  • twitter

सैफई में होली खेलने नहीं पहुंचे शिवपाल, अखिलेश बोले- चाचा कहीं और होली मना रहे होंगे..

Akhilesh Yadav Holi: वहीं अखिलेश यादव ने योगी सरकार को लेकर कहा कि, इस सरकार का यह आखिरी होली का त्योहार है। हमें विश्वास है अगला त्योहार नई सरकार को मनाने का मौका मिलेगा।

नई दिल्ली। देशभर में 29 मार्च को होली का त्योहार मनाया गया। इस मौके पर कोरोना की दूसरी लहर का असर भी दिखा। कई राज्यों में कोरोना संकट के चलते होली पर सार्वजनिक कार्यक्रम की मनाही थी तो कहीं जुलूस निकालने पर पाबंदी। फिलहाल सैफई में यूपी के पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव के घर पर होली खेली गयी। इस मौके पर अखिलेश और रामगोपाल यादव समेत कई कार्यकर्ताओं तो दिखाई दिए लेकिन अखिलेश यादव के चाचा शिवपाल यादव नहीं दिखाई दिए। अखिलेश के घर हो रहे होली के कार्यक्रम में अखिलेश के साथ तेज प्रताप यादव, धर्मेंद्र यादव, अक्षय यादव और अंशुल यादव तो नजर आए, लेकिन मंच से चाचा शिवपाल यादव की दूरी बनी रही। उनकी गैरमौजूदगी चर्चा का विषय भी रहा। वहीं मंच पर रामगोपाल ने फागुन गीत गाया लेकिन शिवपाल के ना आने से सुर बिगड़ा ही रहा। इस बीच अखिलेश ने समस्त जनता को होली की शुभकामनाएं दी।

Akhilesh Yadav holi

बता दें कि शिवपाल के ना आने पर अखिलेश यादव से सवाल भी किया गया तो उन्होंने कहा कि, अभी कार्यक्रम की शुरुआत है, शिवपाल चाचा कहीं और होली मना रहे होंगे। कहीं और उनकी होली मन रही होगी। वहीं अखिलेश यादव ने योगी सरकार को लेकर कहा कि, इस सरकार का यह आखिरी होली का त्योहार है। हमें विश्वास है अगला त्योहार नई सरकार को मनाने का मौका मिलेगा।

Akhilesh Yadav holi saifai

बता दें कि होली के शुभ अवसर पर देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी होली की सुबह देशवासियों को शुभकामनाएं दीं। उन्होंने अपने ट्वीट में लिखा कि,  “आप सभी को होली की ढेर सारी शुभकामनाएं। आनंद, उमंग, हर्ष और उल्लास का यह त्योहार हर किसी के जीवन में नए जोश और नई ऊर्जा का संचार करे।