newsroompost
  • youtube
  • facebook
  • twitter

जिसकी थी आशंका कहीं वही तो नहीं हो रहा ! भारत सहित कई देशों में बढ़ते कोरोना केस तीसरी लहर का संकेत तो नहीं ?

विश्व स्वास्थ्य संगठन WHO ने पिछले दिनों चेतावनी दी थी कि दुनिया में कोरोना की तीसरी लहर तेजी से आने जा रही है। इसके लिए संगठन ने डेल्टा वैरिएंट को जिम्मेदार बताया था। अब संगठन की ये चेतावनी आशंका में बदलती दिख रही है।

नई दिल्ली। विश्व स्वास्थ्य संगठन WHO ने पिछले दिनों चेतावनी दी थी कि दुनिया में कोरोना की तीसरी लहर तेजी से आने जा रही है। इसके लिए संगठन ने डेल्टा वैरिएंट को जिम्मेदार बताया था। अब संगठन की ये चेतावनी आशंका में बदलती दिख रही है। दूसरी लहर अब तक पूरी तरह खत्म नहीं हुई, लेकिन भारत समेत कई देशों में आंकड़े बढ़ रहे हैं। दुनियाभर के ताजा आंकड़े बता रहे हैं कि हर रोज अभी भी पांच लाख से ज्यादा कोरोना केस आ रहे हैं। करीब नौ हजार मौतें भी हर दिन हो रही हैं। सभी देशों को मिलाकर एक्टिव केस की संख्या एक करोड़ 27 लाख है। जून में एक्टिव केस का आंकड़ा घटकर 1.16 करोड़ हो गया था।

हालत फिलहाल ये है कि भारत के केरल, महाराष्ट्र और पूर्वोत्तर के कई राज्यों में कोरोना मरीजों की संख्या बढ़ रही है। दुनिया की बात करें, तो इंडोनेशिया में कोरोना ने हाहाकार मचा रखा है। इसके अलावा ब्रिटेन, फिलीपींस और कई देश ताजी लहर की चपेट में हैं। ऑस्ट्रेलिया और इटली में भी मरीजों की तादाद लगातार बढ़ रही है।

अपने देश की बात करें, तो हर रोज करीब 40 हजार नए केस आ रहे हैं और 500 से ज्यादा मरीज जान गंवा रहे हैं। ICMR ने आशंका जताई है कि अगस्त के चौथे हफ्ते तक कोरोना की तीसरी लहर दस्तक दे सकती है। बता दें कि इस साल फरवरी में भी कोरोना की दूसरी लहर की शुरुआत महाराष्ट्र और केरल से ही हुई थी। पहली लहर का कहर खत्म होने के बाद यहां अचानक मरीज बढ़ने शुरू हो गए थे। जिसके बाद करीब 10 दिन के भीतर दूसरी लहर ने पूरे देश को चपेट में ले लिया था।

Coronavirus
फिलहाल, फ्रांस, इटली, ब्रिटेन, इंडोनेशिया, फिलीपींस, साउथ कोरिया, वियतनाम और थाईलैंड ने विश्व स्वास्थ्य संगठन की चिंता बढ़ा दी है। भारत के पड़ोसी देशों में भी कोरोना का संकट बढ़ रहा है। ऐसे में सभी को कोरोना प्रोटोकॉल का पूरी तरह पालन करना चाहिए और वैक्सीन की डोज भी तुरंत लगवाने की जरूरत है।