newsroompost
  • youtube
  • facebook
  • twitter

Ram Navami At Ramlala Temple: अयोध्या में मंदिर बनने के बाद पहली बार भव्य रूप से मनने जा रही राम नवमी, जानिए भगवान रामलला की जन्मभूमि में कैसी हो रही तैयारियां

Ram Navami At Ramlala Temple: भक्तों की बड़ी तादाद राम नवमी पर दर्शन के लिए आएगी। इसे देखते हुए तमाम व्यवस्था की जा रही है। अभी रामलला के दर्शन के लिए 4 लेन से होकर भक्त गुजरते हैं। रामनवमी पर लेन की संख्या 7 कर दी जाएगी। राम नवमी के दिन श्रद्धालु 20 घंटे तक भगवान के दर्शन कर सकेंगे।

अयोध्या। रामनगरी के तौर पर पहचानी जाने वाली अयोध्या में बहुत उत्साह है। राम मंदिर बनने के बाद से हर रोज लाखों भक्त भगवान रामलला के दर्शन करने पहुंच रहे हैं। 17 अप्रैल को राम नवमी के पर्व पर 25 लाख श्रद्धालुओं के रामलला के दर्शन करने पहुंचने का अनुमान है। राम मंदिर बनने के बाद ये पहली राम नवमी है। ऐसे में भगवान रामलला की जन्मभूमि में तैयारियां भी बड़े स्तर पर की जा रही हैं।

हिंदी अखबार अमर उजाला की खबर के मुताबिक भगवान रामलला के मंदिर में 9 दिन शक्ति की उपासना होगी। 9 अप्रैल को चैत्र नवरात्रि शुरू हो रही है। चैत्र नवरात्रि के पहले दिन राम मंदिर में कलश स्थापना की जाएगी। 500 वर्ष पहले राम जन्मभूमि में इतने बड़े पैमाने पर शायद राम नवमी मनाई जाती रही होगी। श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट की तरफ से नवरात्रि और राम नवमी मनाने के लिए बड़े पैमाने पर तैयारियां की जा रही हैं। अखबार को भगवान रामलला के मुख्य पुजारी आचार्य सत्येंद्र दास ने बताया कि नवरात्रि के दौरान राम मंदिर में मां दुर्गा की भी पूजा होगी। वैदिक रीति से आचार्य मां दुर्गा की पूजा करेंगे। हर दिन दुर्गा सप्तशती का पाठ भी किया जाएगा। इसके अलावा हवन होगा। साथ ही सभी देवी-देवताओं का आह्वान किया जाएगा।

राम नवमी यानी 17 अप्रैल को भगवान रामलला को 56 भोग लगाया जाएगा। इसके बाद प्रसाद को यहां उस दिन आने वाले श्रद्धालुओं को दिया जाएगा। दशमी के दिन भी भक्तों को प्रसाद मिलेगा। श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट के महासचिव चंपत राय ने बीते दिनों मीडिया को बताया था कि भक्तों की बड़ी तादाद राम नवमी पर दर्शन के लिए आएगी। इसे देखते हुए तमाम व्यवस्था की जा रही है। अभी रामलला के दर्शन के लिए 4 लेन से होकर भक्त गुजरते हैं। रामनवमी पर लेन की संख्या 7 कर दी जाएगी। इसके साथ ही ट्रस्ट ने फैसला किया है कि राम नवमी के दिन श्रद्धालु 20 घंटे तक भगवान के दर्शन कर सकेंगे। अभी रोज 14 घंटे ही भगवान रामलला के दर्शन की व्यवस्था है।