newsroompost
  • youtube
  • facebook
  • twitter

Bihar Election: NDA में सीटों के बंटवारे को लेकर बन गई बात, जानिए भाजपा कितने सीटों पर लड़ेगी चुनाव

Bihar Election: इससे पहले लोक जनशक्ति पार्टी (LJP) ने कहा था कि ‘बिहार पहले बिहारी पहले (Bihar First Bihari First)’ दृष्टिपत्र को अगली सरकार लागू करेगी। इस मामले को लेकर लोजपा की तरफ से कहा गया कि लोजपा और भाजपा (BJP) में कोई कटुता नहीं है। लोकसभा में हमारा भाजपा के साथ एक मजबूत गठबंधन है, बिहार में भी हम चाहते थे कि वैसे ही चुनाव लड़े।

नई दिल्ली। बिहार एनडीए की दोनों पार्टी भाजपा और जद(यू) के बीच सीटों के बंटवारे का फॉर्मूला तय हो गया है। दोनों पार्टियों के बीच 50-50 के फॉर्मूले पर बात बन गई है। हालांकि इस सब के बीच एलजेपी ने भले गठबंधन का साथ छोड़ दिया। ऐसे में एनडीए से एलजेपी के जाने के बाद अब बिहार में NDA का फॉर्मूला जद(यू) को 122 सीटों पर चुनाव लड़ने का जिसमें जीतनराम मांझी की पार्टी हम की सीटें भी शामिल है, वहीं भाजपा भी 121 सीटों पर चुनाव लड़ेगी यह तय हो गया है। वहीं बिहार में राजग में शामिल लोक जनशक्ति पार्टी (लोजपा) ने बैठक के बाद यह तय कर लिया कि वह मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के नेतृत्व में प्रदेश विधानसभा चुनाव नहीं लड़ेगी। हालांकि, उसका जदयू के साथ कई सीटों पर दोस्ताना मुकाबला हो सकता है। लोक जनशक्ति पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष चिराग पासवान के नई दिल्ली स्थित आवास पर रविवार को पार्टी के केंद्रीय संसदीय बोर्ड की बैठक हुई, जिसमें यह फैसला हुआ।

इसके बाद लोजपा के प्रधान महासचिव अब्दुल खालिक ने कहा कि राष्ट्रीय स्तर व लोकसभा चुनाव में उनकी पार्टी का भाजपा के साथ मजबूत गठबंधन है लेकिन राज्य स्तर पर व विधानसभा चुनाव में गठबंधन में मौजूद जदयू से वैचारिक मतभेदों के कारण बिहार में लोजपा ने गठबंधन से अलग चुनाव लड़ने का फैसला लिया है। उन्होंने कहा कि कई सीटों पर जदयू के साथ वैचारिक लड़ाई हो सकती है ताकि उन सीटों पर जनता निर्णय कर सके कौन सा प्रत्याशी प्रदेश के हित में बेहतर है। उन्होंने कहा कि लोजपा ‘बिहार पहले बिहारी पहले’ दृष्टिपत्र को लागू करना चाहती थी जिस पर समय रहते सहमति नहीं बन पायी।

Nitish Kumar and JP Nadda

इससे पहले लोक जनशक्ति पार्टी ने कहा था कि ‘बिहार पहले बिहारी पहले’ दृष्टिपत्र को अगली सरकार लागू करेगी। इस मामले को लेकर लोजपा की तरफ से कहा गया कि लोजपा और भाजपा में कोई कटुता नहीं है। लोकसभा में हमारा भाजपा के साथ एक मजबूत गठबंधन है, बिहार में भी हम चाहते थे कि वैसे ही चुनाव लड़े। इसको लेकर लोजपा की तरफ से कहा गया है कि चुनाव परिणामों के उपरांत पार्टी के तमाम जीते हुए विधायक प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी के विकास मार्ग के साथ रहकर भाजपा-लोजपा सरकार बनाएंगे। खालिक ने कहा कि लोजपा का मानना है कि केन्द्र की तर्ज पर बिहार में भी भाजपा के नेतृत्व में सरकार बने।

Nitish Kumar and JP Nadda

लोजपा का हर विधायक भाजपा के नेतृत्व में बिहार को प्रथम बनाने का काम करेंगे। लोजपा सूत्रों ने कहा कि उनकी पार्टी और और भाजपा में कोई कटुता नहीं है और मणिपुर के फार्मूले पर बिहार राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) अग्रसर है। सूत्रों ने कहा कि बिहार विधानसभा चुनाव बाद लोजपा के सभी विधायक मणिपुर के तर्ज़ पर भाजपा सरकार बनने पर उसका समर्थन करेंगे। लोजपा सूत्र ने कहा कि उनकी पार्टी वर्तमान में राजग का हिस्सा है और आगे भी रहेगी और बिहार विधानसभा चुनाव के बाद उनकी पार्टी के सभी विधायक प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का हाथ और मज़बूत करेंगे। वहीं लोजपा प्रवक्ता अशरफ अंसारी ने बताया कि उनकी पार्टी बिहार विधानसभा के 243 सीटों में से 143 पर अपने उम्मीदवार उतारेगी।