newsroompost
  • youtube
  • facebook
  • twitter

Mamata’s Mantri On President: राष्ट्रपति के बारे में ममता के मंत्री का विवादित बयान, द्रौपदी मुर्मू के ‘लुक’ पर बोले, बीजेपी ने साधा निशाना

इससे पहले कांग्रेस के लोकसभा में नेता अधीर रंजन चौधरी ने राष्ट्रपति को ‘राष्ट्रपत्नी’ कहा था। जबकि, कांग्रेस प्रवक्ता उदित राज ने उनपर चापलूसी का आरोप लगाया था। बाद में चौधरी और उदित ने माफी भी मांगी थी। अब अखिल गिरि के विवादित बयान से बीजेपी को ममता बनर्जी पर निशाना साधने का अच्छा मौका मिल गया है।

नंदीग्राम। ममता बनर्जी की सरकार के मंत्री अखिल गिरि के बोल बिगड़ गए। उन्होंने राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू के लुक पर विवादित बयान दिया है। मंत्री के विवादित बयान का वीडियो वायरल हो गया है। इससे सियासत भी गरमा गई है। बीजेपी की पश्चिम बंगाल इकाई और उसके नेता अमित मालवीय ने उनपर निशाना साधा है। वहीं, ममता की पार्टी तृणमूल कांग्रेस TMC सफाई दे रही है कि मंत्री तो कह रहे थे कि उनकी पार्टी लोगों को उनके लुक से नहीं आंकती। इससे पहले कांग्रेस के लोकसभा में नेता अधीर रंजन चौधरी ने राष्ट्रपति को ‘राष्ट्रपत्नी’ कहा था। जबकि, कांग्रेस प्रवक्ता उदित राज ने उनपर चापलूसी का आरोप लगाया था। बाद में चौधरी और उदित ने माफी भी मांगी थी।

Draupadi Murmu

अखिल गिरि का ये बयान शहीद दिवस समारोह के दौरान का बताया जा रहा है। बीजेपी का कहना है कि उस दौरान ममता सरकार में महिला कल्याण मंत्री शशि पांजा भी मौजूद थीं। वीडियो के मुताबिक अखिल गिरि ने बीजेपी के नेता शुभेंदु अधिकारी को चुनौती देते हुए बात कही। उन्होंने कहा कि वो (शुभेंदु) कहते हैं कि मैं सुंदर नहीं हूं। वह कितने सुंदर हैं? हम लोगों को उनके रूप से नहीं आंकते। हम आपके राष्ट्रपति की कुर्सी का सम्मान करते हैं। आपके राष्ट्रपति कैसे दिखते हैं? पश्चिम बंगाल बीजेपी ने इस पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा है कि राष्ट्रपति मुर्मू आदिवासी समुदाय से हैं। टीएमसी सरकार के सुधार गृह मंत्री अखिल गिरि ने महिला कल्याण मंत्री शशि पांजा की मौजूदगी में उनके बारे में आपत्तिजनक टिप्पणी की।

बीजेपी के नेता अमित मालवीय ने कहा है कि ‘ममता बनर्जी हमेशा आदिवासियों के विरोध में रही हैं। उन्होंने राष्ट्रपति पद के लिए मुर्मू का समर्थन भी नहीं किया था। अब ममता के कैबिनेट मंत्री अखिल गिरि ने राष्ट्रपति का अपमान किया। वो कहते हैं कि हमें लुक की परवाह नहीं है, लेकिन आपका राष्ट्रपति कैसा दिखता है? राष्ट्रपति मुर्मू का समर्थन नहीं किया और अब ये। प्रवचन का शर्मनाक स्तर…’ बता दें कि बंगाल में आदिवासियों की अच्छी खासी तादाद है। ऐसे में अखिल गिरि का बयान सीएम ममता बनर्जी के लिए दिक्कत पैदा कर सकता है। वहीं, बीजेपी को एक और मुद्दा मिल गया है। जिसे लेकर वो सरकार को घेर रही है।