newsroompost
  • youtube
  • facebook
  • twitter

Mukhtar Ansari Brought to Jail : अस्पताल से इलाज के बाद मुख्तार अंसारी को वापस जेल लाया गया, हालत पहले से बेहतर

Mukhtar Ansari Brought to Jail : बांदा मेडिकल कॉलेज प्रशासन ने मुख्तार अंसारी का हेल्थ बुलेटिन जारी कर बताया कि मुख्तार की हालत पहले से काफी बेहतर है। मुख्तार को पेट दर्द और टॉयलेट पास न होने की समस्या थी।

नई दिल्ली। विभिन्न आपराधिक मामलों में बांदा जेल में बंद पूर्व विधायक मुख्तार अंसारी की तबीयत बिगड़ने के बाद उसे बांदा मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया था जहां से उसे अब छुट्टी मिल गई है। माफिया डॉन मुख्तार अंसारी को करीब 16 घंटे के इलाज के बाद फिर से बांदा जेल में शिफ्ट कर दिया गया है। मेडिकल कॉलेज प्रशासन ने मुख्तार अंसारी का हेल्थ बुलेटिन जारी कर बताया कि मुख्तार की हालत पहले से काफी बेहतर है। मुख्तार को पेट दर्द और टॉयलेट पास न होने की समस्या थी। मेडिकल कॉलेज प्रशासन ने कहा कि मुख्तार के स्वास्थ्य की देख-रेख के लिए तीन डॉक्टरों का पैनल बनाया गया है। डॉक्टरों का यह पैनल अब जेल में ही मुख्तार के स्वास्थ्य पर नजर रखेगा।

गौरतलब है कि बांदा जेल में बंद माफिया डॉन मुख्तार अंसारी की तबीयत सोमवार देर रात बिगड़ गई थी। रात करीब 3 बज कर 55 मिनट पर आनन-फानन में सबसे पहले मुख्तार अंसारी को बांदा जिला अस्पताल ले जाया गया. वहां से डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए मुख्तार को मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया। मुख्तार की हालत गंभीर देख मेडिकल कॉलेज ने आईसीयू वार्ड में वेंटिलेटर पर भर्ती कर इलाज शुरू किया। डॉक्टरों की एक टीम बराबर मुख्तार की देख-रेख में लगी रही। सुबह मुख्तार के बड़े भाई अफजाल अंसारी और छोटा बेटा उमर अंसारी बांदा मेडिकल कॉलेज पहुंचे, लेकिन किसी को भी मुख्तार से मिलने नहीं दिया गया। अफजाल अंसारी ने डॉक्टरों ने मिलकर मुख्तार के स्वास्थ्य की जानकारी ली। बता दें कि बीती 21 मार्च को माफिया डॉन मुख्तार अंसारी ने बाराबंकी जिला अदालत में अपने वकील के माध्यम से एक प्रार्थना पत्र दिया था, जिसमें इस बात का जिक्र किया था कि बांदा जेल में उसकी जान को खतरा है। उसने आरोप लगाया था कि जेल में मिलने वाले खाने में उसे स्लो प्वाइजन दिया जा रहा है, जिस कारण उसकी तबीयत आए दिन खराब होती रहती है।