newsroompost
  • youtube
  • facebook
  • twitter

Gogamedi Murderers Arrested: करणी सेना अध्यक्ष सुखदेव सिंह गोगामेड़ी के दोनों हत्यारे गिरफ्तार, दिल्ली पुलिस ने चंडीगढ़ से दबोचा

नितिन और रोहित ने बीते मंगलवार को दिनदहाड़े सुखदेव सिंह गोगामेड़ी के घर में उनकी हत्या कर दी थी। ये दोनों बदमाश नवीन शेखावत नाम के शख्स के साथ गोगामेड़ी के घर पहुंचे थे। नवीन शेखावत एक शादी का कार्ड देने करणी सेना अध्यक्ष के यहां गया था। नवीन और गोगामेड़ी पूर्व परिचित थे।

नई दिल्ली। जयपुर में करणी सेना अध्यक्ष सुखदेव सिंह गोगामेड़ी की हत्या करने वाले दोनों बदमाशों नितिन फौजी और रोहित राठौड़ को दिल्ली पुलिस की क्राइम ब्रांच ने गिरफ्तार कर लिया है। नितिन फौजी और रोहित राठौड़ के साथ उधम नाम के तीसरे शख्स को भी गिरफ्तार किया गया है। तीनों को दिल्ली पुलिस की क्राइम ब्रांच ने चंडीगढ़ के सेक्टर 22-ए के एक होटल से गिरफ्तार किया।दिल्ली पुलिस के मुताबिक फरारी के वक्त नितिन और रोहित ने गैंगस्टर रोहित गोदारा के करीबी वीरेंद्र चाहन और दानाराम से लगातार संपर्क बनाए रखा। वीरेंद्र और दानाराम के इशारे पर ही हत्या की। अब पुलिस वीरेंद्र चाहन और दानाराम की गिरफ्तारी की कोशिश में जुटी है। हत्यारों से हथियारों की बरामदगी भी अभी की जानी है। नितिन और रोहित ने बीते मंगलवार को दिनदहाड़े सुखदेव सिंह गोगामेड़ी के घर में उनकी हत्या कर दी थी। ये दोनों बदमाश नवीन शेखावत नाम के शख्स के साथ गोगामेड़ी के घर पहुंचे थे। नवीन शेखावत एक शादी का कार्ड देने करणी सेना अध्यक्ष के यहां गया था। नवीन और गोगामेड़ी पूर्व परिचित थे।

नितिन फौजी और रोहित राठौड़ भी गोगामेड़ी और नवीन के साथ बैठे थे। अचानक दोनों बदमाशों ने उठकर गोलियां चलानी शुरू कर दी थीं। नवीन ने जब रोकने की कोशिश की, तो बदमाशों ने उसे भी गोली मार दी थी। जिससे नवीन की भी मौत हो गई थी। इस फायरिंग में गोगामेड़ी का निजी सुरक्षाकर्मी घायल हुआ था। नितिन फौजी और रोहित राठौड़ ने 17 गोलियां चलाई थीं। जिसके बाद बाहर आकर उन्होंने एक स्कूटी सवार को गोली मारकर घायल कर दिया था और उसकी गाड़ी लूटकर भाग निकले थे। बाद में ट्रक और टैक्सी की सवारी भी दोनों बदमाशों ने की थी। जिसकी जानकारी पुलिस को मिली थी। राजस्थान पुलिस ने गोगामेड़ी की हत्या की जांच के लिए एसआईटी भी बनाई है।

इस मामले में लॉरेंस बिश्नोई गैंग के रोहित गोदारा ने हत्या की जिम्मेदारी ली थी। रोहित गोदारा ने फेसबुक पोस्ट में दावा किया था कि डिस्ट्रीब्यूशन के एक मामले की वजह से करणी सेना अध्यक्ष गोगामेड़ी की हत्या की गई। रोहित गोदारा ने ये बताकर सियासत को भी गरमा दिया था कि गोगामेड़ी की हत्या के मामले से राजस्थान के निवर्तमान सीएम अशोक गहलोत के बेटे वैभव भी जुड़े हुए हैं। वहीं, करणी सेना अध्यक्ष की पत्नी ने जो एफआईआर की, उसमें भी अशोक गहलोत का नाम है। गोगामेड़ी की पत्नी ने शुक्रवार को ही चेतावनी दी थी कि अगर हत्यारों का एनकाउंटर न हुआ, तो पूरे देश में उग्र आंदोलन किया जाएगा। अब दोनों हत्यारों को दिल्ली पुलिस की तरफ से राजस्थान पुलिस को सौंपा जाएगा। इसके बाद हत्याकांड की असल वजह का खुलासा होने के आसार हैं।