
चंडीगढ़। पंजाब की सियासत में आज से नई खिचड़ी पकने जा रही है। पंजाब कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष नवजोत सिंह सिद्धू शाम को सूबे के सीएम भगवंत मान से मुलाकात करने वाले हैं। चर्चा है कि सिद्धू जल्दी ही कांग्रेस को अलविदा कहकर आम आदमी पार्टी AAP का दामन थामेंगे। इन चर्चाओं पर अभी आप और सिद्धू ने कोई प्रतिक्रिया नहीं दी है। सिद्धू ने अपने ट्वीट में जरूर लिखा है कि पंजाब की अर्थव्यवस्था के बारे में भगवंत मान से चर्चा होगी। उन्होंने ये भी लिखा कि सिर्फ ईमानदार और मिलकर कोशिश से ही पंजाब का भला हो सकता है।
Will meet CM @BhagwantMann tomorrow at 5:15 PM in Chandigarh to discuss matters regarding the revival of Punjab’s economy . . . Punjab’s Resurrection is only possible with an honest collective effort . . .
— Navjot Singh Sidhu (@sherryontopp) May 8, 2022
पिछले महीने भी सिद्धू ने भगवंत मान की तारीफ की थी। उन्होंने कहा था कि भगवंत काफी ईमानदार हैं। मैंने उनपर कभी अंगुली नहीं उठाई। अगर वो लड़ते हैं, तो उनको मेरा समर्थन है। सिद्धू ने कहा था कि वो पार्टी लाइन से हटकर भगवंत मान का साथ देंगे। इसकी वजह उन्होंने पंजाब की लड़ाई बताई थी। हालांकि, उससे पहले सिद्धू ने भगवंत मान को रबड़ का गुड्डा भी बताया था। साथ ही पंजाब सरकार पर पुलिस के दुरुपयोग का आरोप भी लगाया था। सिद्धू के इन बयानों पर आम आदमी पार्टी या पंजाब सरकार की तरफ से कभी कोई प्रतिक्रिया नहीं दी गई थी। अब देखना ये है कि दोनों की आज शाम होने वाली मुलाकात पंजाब की सियासत में क्या गुल खिलाती है।
नवजोत सिंह सिद्धू पहले बीजेपी में थे। फिर वो कांग्रेस में आए। कांग्रेस ने उन्हें पंजाब का प्रदेश अध्यक्ष बनाया। सिद्धू ने इसके बाद तत्कालीन सीएम कैप्टन अमरिंदर सिंह के खिलाफ मोर्चा खोला। जिसके बाद चुनाव से ठीक पहले अमरिंदर ने कांग्रेस को अलविदा कह दिया। अमरिंदर ने सिद्धू पर पाकिस्तान परस्त होने का आरोप भी लगाया था। सिद्धू की नए सीएम चरणजीत सिंह चन्नी से भी नहीं पटी। साथ ही तमाम और कांग्रेसी नेताओं से भी उनके छत्तीस के आंकड़े रहे। पंजाब में सत्ता गंवाने के बाद अब सिद्धू के खिलाफ कांग्रेस में माहौल बन गया है। ऐसे में मान और उनकी मुलाकात नए सियासी गठजोड़ की तरफ इशारा करती दिख रही है।