newsroompost
  • youtube
  • facebook
  • twitter

Ukraine Crisis: ऑपरेशन गंगा से आज आ रहे हैं 2200 भारतीय, खारकीव-पिसोचिन से चलेंगी बसें

विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता अरिंदम बागची ने शुक्रवार को बताया था कि बीते 24 घंटे में यूक्रेन से पड़ोसी देशों में पहुंचे भारतीयों को लेकर 18 विमान भारत आए। इन विमानों से करीब 4000 लोगों को लाया गया। अब तक 48 फ्लाइट से 10348 भारतीय आ चुके हैं।

कीव। यूक्रेन में फंसे भारतीयों को वतन वापस लाने के लिए ऑपरेशन गंगा जारी है। इसके तहत आज कुल 11 फ्लाइट्स आनी हैं। इनमें से एक प्लाइट 210 भारतीयों को लेकर हिंडन एयरबेस पहुंची। ये फ्लाइट भारतीय वायुसेना के सी-17 विमान की थी। विमान रोमानिया की राजधानी बुखारेस्ट से शुक्रवार को रवाना हुआ था। इसके अलावा पोलैंड से इंडिगो के 2 और वायुसेना का 1 विमान भी 649 भारतीय छात्रों को लेकर आ रहे हैं। आज कुल 2200 भारतीय देश लौटेंगे। कुल फ्लाइट्स में से 10 दिल्ली और 1 मुंबई में उतरेगी। मोदी सरकार  ने यूक्रेन में फंसे भारतीयों को निकालने के लिए वायुसेना के विमानों के अलावा निजी कंपनियों की फ्लाइट्स को चार्टर किया है। इसके अलावा हंगरी, रोमानिया, पोलैंड और स्लोवाक गणराज्य पहुंचने वाले भारतीयों के रहने और खाने की व्यवस्था भी सरकार ने की है।

indian students

उधर, यूक्रेन में भारतीय दूतावास ने बताया है कि युद्ध वाले इलाकों खारकीव और पिसोचिन में फंसे भारतीय छात्रों को निकाला जा रहा है। खारकीव से बड़ी संख्या में छात्रों को निकाला जा चुका है। हालांकि, यहां अभी 300 के करीब छात्र हैं। इसके अलावा पिसोचिन में भी भारतीय छात्र फंसे हैं। भारतीय दूतावास ने इन छात्रों को दोनों जगहों से निकालने के लिए आज बसें चलाने का फैसला किया है। पिसोचिन और खारकीव में फंसे छात्रों के लिए भोजन और पानी भी पहुंचाया गया है। भारत ने रूस और यूक्रेन से युद्ध रोकने की अपील भी की है, ताकि भारतीय नागरिकों को वहां से सकुशल निकाला जा सके।

kyiv 1

विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता अरिंदम बागची ने शुक्रवार को बताया था कि बीते 24 घंटे में यूक्रेन से पड़ोसी देशों में पहुंचे भारतीयों को लेकर 18 विमान भारत आए। इन विमानों से करीब 4000 लोगों को लाया गया। अब तक 48 फ्लाइट से 10348 भारतीय आ चुके हैं। यूक्रेन में 20000 के करीब भारतीय रहते थे। सरकार ने यूक्रेन की सीमा से सटे पड़ोसी देशों में अपने मंत्रियों को विशेष दूत के तौर पर नियुक्त किया है। ये अपने नागरिकों की सुरक्षित वतन वापसी में आने वाली बाधाओं को समाप्त कर रहे हैं। हंगरी में केंद्रीय मंत्री हरदीप सिंह पुरी, स्लोवाकिया में कानून मंत्री किरेन रिजिजू, रोमानिया में नागरिक उड्डयन मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया और पोलैंड में जनरल वीके सिंह को पीएम नरेंद्र मोदी के निर्देश पर भेजा गया है।