newsroompost
  • youtube
  • facebook
  • twitter

PM Modi: पीएम मोदी ने मिस्र यात्रा को लेकर साझा किया अपना अनुभव, ट्वीट कर कही ये बात

PM Modi: पीएम मोदी ने अपनी इजिप्ट यात्रा को लेकर किए गए ट्वीट में कहा कि मैं बड़ी विनम्रता के साथ ‘ऑर्डर ऑफ द नाइल’ स्वीकार करता हूं। मैं इस सम्मान के लिए मिस्र की सरकार और लोगों को धन्यवाद देता हूं। यह भारत और हमारे देश के लोगों के प्रति उनकी गर्मजोशी और स्नेह को दर्शाता है।

नई दिल्ली। दो दिनी मिस्र दौरा संपन्न होने के बाद पीएम मोदी भारत रवाना हो चुके हैं। यह यात्रा सियासी, आर्थिक और मजहबी दृष्टिकोण से काफी अहम माना जा रहा है। आर्थिक तौर पर जहां मिस्र के रहनुमा पीएम मोदी को एक बड़ी उम्मीद के रूप में देख रहे हैं, तो वहीं सियासी तौर पर इस दौरे को आगामी लोकसभा चुनाव में मुस्लिम को बीजेपी के पाले में करने के मकसद से जोड़कर देखा जा रहा है। वहीं, अब मजहबी दृष्टिकोण से बात करें, तो इस दौरे ने यकीनन पीएम मोदी की मुस्लिम विरोधी छवि पर कड़ा प्रहार किया है। दो दिनी दौरे के दौरान पीएम मोदी और राष्ट्रपति अब्देल फतेह अल सिसी के बीच कई मुद्दों पर समझौते हुए हैं, जिन्हें जल्द ही जमीन पर उतारा जाएगा। ध्यान दें कि जी-20 सम्मेलन में मिस्र ने हिस्सा लेने से मना कर दिया था, लेकिन पीएम मोदी ने अपने इस दौरे के दौरान ऐसी कूटनीतिक चाल चली कि प्रधानमंत्री को मिस्र के सर्वोच्च पुरस्कार से सम्मानित किया गया। वहीं, पीएम मोदी ने दो दिनी मिस्र दौरे को लेकर ट्वीट किया है। जिसमें उन्होंने अपना अनुभव साझा किया है। आइए, आगे आपको बताते हैं कि उन्होंने अपने ट्वीट में क्या कुछ कहा है?

पीएम मोदी ने ट्वीट कर कहा कि मेरी मिस्र यात्रा ऐतिहासिक थी। इससे भारत-मिस्र संबंधों में नई ताकत आएगी और हमारे देशों के लोगों को लाभ होगा। मैं राष्ट्रपति को धन्यवाद देता हूं @AlsisiOfficial , सरकार और मिस्र के लोगों को उनके स्नेह के लिए धन्यवाद।

इसके अलावा उन्होंने यात्रा को लेकर एक और ट्वीट किया जिसमें उन्होंने कहा कि मैं पिरामिडों में मेरे साथ जाने के लिए प्रधान मंत्री मुस्तफा मैडबौली को धन्यवाद देता हूं। हमने अपने राष्ट्रों के सांस्कृतिक इतिहास और आने वाले समय में इन संबंधों को कैसे गहरा किया जाए, इस पर गहन चर्चा की।

पीएम मोदी ने अपनी इजिप्ट यात्रा को लेकर किए गए ट्वीट में कहा कि मैं बड़ी विनम्रता के साथ ‘ऑर्डर ऑफ द नाइल’ स्वीकार करता हूं। मैं इस सम्मान के लिए मिस्र की सरकार और लोगों को धन्यवाद देता हूं। यह भारत और हमारे देश के लोगों के प्रति उनकी गर्मजोशी और स्नेह को दर्शाता है।

प्रधानमंत्री ने अपने ट्वीट में कहा कि, ‘भारत के बहादुर सैनिकों को श्रद्धांजलि, जिनके साहस को कभी नहीं भुलाया जाएगा। हेलियोपोलिस युद्ध स्मारक पर, मैंने मिस्र में प्रथम विश्व युद्ध में अपने प्राणों की आहुति देने वाले हमारे बहादुर सैनिकों को श्रद्धांजलि अर्पित की। बता दें कि 1998 के बाद पहली बार कोई भारतीय प्रधानमंत्री इजिप्ट यात्रा पर गया है। हालांकि, इससे पहले राष्ट्रपति अब्देल फतेह अल सिसी गणतंत्र दिवस के मौके पर बतौर राजकीय मेहमान भारत आए थे। जिसकी तस्वीरें भी राजधानी काहिरा में लगाई थीं। ध्यान दें कि मिस्र से पहले पीएम मोदी तीन दिवसीय दौरे पर अमेरिका गए थे। जहां दोनों देशों के  के बीच विभिन्न मुद्दोें पर समझौते हुए। वहीं, पीएम मोदी के मिस्र दौरे को आगामी लोकसभा चुनाव से भी जोड़कर देखा जा रहा है। सियासी विश्लेषकों का दावा है कि यह दौरा आगामी लोकसभा चुनाव में भारत के मुस्लिमों को बीजेपी के पाले में करने में अहम किरदार अदा कर सकता है।