newsroompost
  • youtube
  • facebook
  • twitter

Rahul Gandhi: लोकसभा चुनाव के लिए आम लोगों को कांग्रेस से जोड़ने की तैयारी, राहुल गांधी फिर ट्रक यात्रा करते दिखेंगे

राहुल गांधी ने सबसे पहले दिल्ली से चंडीगढ़ तक ट्रक पर बैठकर यात्रा की थी। इसके बाद अमेरिका दौरे में राहुल गांधी वॉशिंगटन डीसी से न्यूयॉर्क तक ट्रक पर बैठकर गए थे। इस योजना के जरिए राहुल गांधी सीधे उन लोगों से मुखातिब होने की कोशिश कर रहे हैं, जो ऑटो, कैब और बस चलाते हैं।

नई दिल्ली। पहले भारत जोड़ो यात्रा और फिर ट्रकों की सवारी। राहुल गांधी ने कांग्रेस के लिए 2024 के लोकसभा चुनाव खातिर ये प्लान बनाया है। हिंदी अखबार अमर उजाला के मुताबिक राहुल गांधी जल्दी ही इस तरह के और सफर पर दिखने वाले हैं। राहुल गांधी ने सबसे पहले दिल्ली से चंडीगढ़ तक ट्रक पर बैठकर यात्रा की थी। इसके बाद अमेरिका दौरे में राहुल गांधी वॉशिंगटन डीसी से न्यूयॉर्क तक ट्रक पर बैठकर गए थे। इस योजना के जरिए राहुल गांधी सीधे उन लोगों से मुखातिब होने की कोशिश कर रहे हैं, जो ऑटो, कैब और बस चलाते हैं। इससे वो अनूठे अंदाज में कांग्रेस को आम जनता से जोड़ने की तैयारी में हैं।

rahul gandhi in truck

अखबार की खबर के मुताबिक राहुल गांधी एक बार फिर ट्रकों के जरिए यात्रा का सिलसिला शुरू करने जा रहे हैं। एक वरिष्ठ कांग्रेस नेता ने अखबार को बताया है कि पार्टी लगातार जनता से संपर्क बढ़ा रही है। राहुल गांधी इसी के तहत ट्रकों से यात्रा कर रहे हैं। राहुल गांधी उन लोगों से सीधे संपर्क साध रहे हैं, जो रोज कमाते और खाते हैं। जिनकी आमदनी कम है और भरा-पूरा परिवार का खर्च चलाना होता है। ट्रक ड्राइवरों से अपनी यात्रा में बात कर राहुल गांधी ने उनका मन भी जाना है। देश में हजारों ट्रक चलते हैं। इनके ड्राइवरों संग यात्रा कर राहुल गांधी सीधे कांग्रेस का कनेक्ट उनके परिवार और करीबी लोगों से करने की कोशिश में जुटे हैं।

rahul gandhi with delivery man

राहुल गांधी बेंगलुरु में डिलिवरी ब्वॉयज के साथ नाश्ता भी कर चुके हैं। ऐसे ही एक डिलिवरी ब्वॉय के साथ वो बाइक पर भी सफर कर चुके हैं। कांग्रेस का मानना है कि राहुल गांधी से चर्चा करके उनके ट्रक पर सफर कार्यक्रम को आगे बढ़ाया जाएगा। इससे राहुल की छवि आम लोगों तक पहुंच वाले नेता की भी बन रही है। कांग्रेस के नेताओं पर पहले आरोप लगता रहा है कि वो आम लोगों से दूर हो गए। अब गांधी खानदान का चश्म-ओ-चिराग जब खुद सड़क पर आया है, तो कांग्रेस के नेताओं को भी ऐसे ही कार्यक्रम करने पड़ेंगे।