newsroompost
  • youtube
  • facebook
  • twitter

Weather Report: आज से फिर करवट लेगा मौसम, जानिए आपके राज्य के लिए क्या है अनुमान

Weather Report: इस बार एक के बाद एक लगातार कई पश्चिमी विक्षोभ आ चुके हैं। इनकी वजह से पहाड़ी इलाकों में काफी बर्फबारी हुई है और मैदानी राज्यों में बारिश के साथ ओले भी गिरे हैं। इस वजह से अभी ठंड गई नहीं है। ऐसे में ताजा पश्चिमी विक्षोभ के कारण फिलहाल ठंड के बने रहने के आसार हैं।

नई दिल्ली। आज से तमाम राज्यों में मौसम करवट लेने की शुरुआत करने वाला है। वजह है ताजा पश्चिमी विक्षोभ। इस नए पश्चिमी विक्षोभ की वजह से जम्मू-कश्मीर, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में काफी बर्फबारी और बारिश होने की संभावना है। वहीं, कई मैदानी राज्यों में भी बारिश, ओले गिरने और बिजली कड़कने के आसार मौसम विभाग जता रहा है। मौसम विभाग के अनुमान के मुताबिक दिल्ली, एनसीआर, पंजाब, हरियाणा, बिहार, मध्यप्रदेश और पश्चिम बंगाल सहित कई राज्यों में बारिश हो सकती है।

दिल्ली में 1 और 2 मार्च को भी हल्की बारिश की उम्मीद है। इसके बाद मौसम ठीक होना शुरू होगा। मौसम विभाग के अनुसार हरियाणा में 1 मार्च को काफी बारिश हो सकती है। यहां के कई इलाकों के लिए यलो अलर्ट भी है। हरियाणा के हिसार, कुरुक्षेत्र, सिरसा, कैथल, फतेहाबाद और करनाल में 40 किलोमीटर तक की तेज हवा भी आज चल सकती है। पंजाब में भी तमाम इलाकों में बारिश का अनुमान मौसम विभाग ने लगाया है। मौसम विभाग के अनुसार बिहार में कई जगह बादल छाए रहेंगे। रोहतास, गया, औरंगाबाद और भभुआ जिलों में बिजली गिरने की चेतावनी भी मौसम विभाग ने जारी की है।

झारखंड की राजधानी रांची, पलामू, चतरा, कोडरमा, लातेहार, गढ़वा, खूंटी, हजारीबाग, बोकारो, रामगढ़, गुमला, सिमडेगा, सरायकेला, खरसावां, पूर्वी और पश्चिमी सिंहभूम में हल्की बारिश हो सकती है। एक उल्टे चक्रवात के कारण पश्चिम बंगाल के भी कई इलाकों में आज बारिश का अनुमान मौसम विभाग ने लगाया है। इस बार एक के बाद एक लगातार कई पश्चिमी विक्षोभ आ चुके हैं। इनकी वजह से पहाड़ी इलाकों में काफी बर्फबारी हुई है और मैदानी राज्यों में बारिश के साथ ओले भी गिरे हैं। इस वजह से अभी ठंड गई नहीं है। ताजा पश्चिमी विक्षोभ के कारण अब ये अनुमान है कि मार्च के दूसरे हफ्ते से ही मौसम सुहाना होना शुरू होगा।