newsroompost
  • youtube
  • facebook
  • twitter

BJP Vs Rahul Gandhi: किरेन रिजिजू ने कहा- राहुल गांधी की भाषा भारत विरोधी तत्वों जैसी, माफी से कम मंजूर नहीं

किरेन रिजिजू ने आरोप लगाया है कि राहुल गांधी ने संविधान के तहत ली गई शपथ को भी दरकिनार कर दिया। अपने बयान में रिजिजू ने राहुल गांधी पर लंदन जाकर झूठ बोलने का आरोप भी लगाया है। किरेन रिजिजू ने बयान में कहा है कि संसद में भी राहुल गांधी झूठ बोलते हैं। उन्होंने संविधान के तहत ली शपथ को भी दरकिनार कर दिया।

नई दिल्ली। राहुल गांधी के लंदन में दिए गए भाषण और बयान पर सियासत गरम है। बीजेपी ने संसद में राहुल गांधी से माफी की मांग की है। अब केंद्रीय कानून मंत्री किरेन रिजिजू ने भी साफ कह दिया है कि राहुल गांधी की तरफ से माफी से कम कुछ भी मंजूर नहीं है। किरेन रिजिजू ने आरोप लगाया है कि राहुल गांधी ने संविधान के तहत ली गई शपथ को भी दरकिनार कर दिया। अपने बयान में रिजिजू ने राहुल गांधी पर लंदन जाकर झूठ बोलने का आरोप भी लगाया है। किरेन रिजिजू ने बयान में कहा है कि संसद में भी राहुल गांधी झूठ बोलते हैं। उन्होंने कहा कि जब तक भारत के खिलाफ बोलने के मामले में राहुल देश से माफी नहीं मांगेंगे, हम चुप नहीं रहेंगे।

किरेन रिजिजू ने कहा कि राहुल गांधी की बोली और भारत विरोधी तत्वों की भाषा एक जैसी है। उन्होंने कहा कि देश की 140 करोड़ जनता ने मोदीजी को प्रधानमंत्री चुना, लेकिन राहुल गांधी उनकी बेइज्जती भी लगातार करते रहते हैं। केंद्रीय कानून मंत्री ने कहा कि देश को बौना दिखाने की कोशिश को हम बर्दाश्त नहीं कर सकते। राहुल गांधी ने भारत के संविधान के साथ ही न्यायपालिका का भी अपमान किया है। रिजिजू के मुताबिक राहुल गांधी ने देश के साथ लोकतंत्र को भी नुकसान पहुंचाया है। उन्होंने कहा कि जो भी भारत के खिलाफ बात करे, उसके प्रतिकार के तौर पर सभी को आवाज उठानी चाहिए। किरेन रिजिजू ने कांग्रेस के इस आरोप पर कि पीएम मोदी ने भी विदेश में भारत का अपमान किया, पर कहा कि ये मुद्दे से भटकाने की कोशिश है। पीएम मोदी ने कहा था कि पहले भारतीय अपने देश के बारे में क्या सोचते थे।

rahul gandhi in london 2

बता दें कि राहुल गांधी ने लंदन में कहा था कि भारत में लोकतंत्र खतरे में है। उन्होंने आरोप लगाया था कि संसद में उनको बोलने नहीं दिया जाता और माइक बंद कर दिया जाता है। राहुल ने अमेरिका और यूरोप के देशों के बारे में कहा था कि कुछ फायदे के कारण लोकतंत्र के ये झंडाबरदार देश भी भारत की हालत देखकर चुप हैं। बीजेपी ने राहुल के इन्हीं बयानों को मुद्दा बना लिया है। बीजेपी का आरोप है कि राहुल गांधी मोदी सरकार के खिलाफ विदेशी ताकतों को खड़ा करने की कोशिश कर रहे हैं। इस मुद्दे पर संसद में भी हंगामा बरपा हुआ है।