newsroompost
  • youtube
  • facebook
  • twitter

Bharat Jodo Yatra : भारत जोड़ो यात्रा के यूपी में घुसने से पहले राहुल को चाहिए सपा बसपा का साथ, जानिए कांग्रेस ने क्यों भेजा दोनों पार्टियों को निमंत्रण?

Bharat Jodo Yatra : उत्तर प्रदेश में प्रवेश करने से पहले राहुल गांधी की भारत जोड़ो यात्रा के बारे में कांग्रेस की ओर से बड़ा बयान सामने आया है। यात्रा के प्रदेश समन्वयक पूर्व केंद्रीय मंत्री सलमान खुर्शीद ने पिछले दिनों बताया था कि भारत जोड़ो यात्रा किसी पार्टी की नहीं, बल्कि पूरे देश की है।

नई दिल्ली। कन्याकुमारी से लेकर कश्मीर तक चल रही राहुल गांधी की भारत यात्रा के दौरान उन्होंने हाल ही में राजस्थान का दौरा किया था और अब वह उत्तर प्रदेश की ओर बढ़ने वाले हैं। इससे पहले उत्तर प्रदेश की सियासत एक बड़ी खबर सामने आ रही है। 3 जुलाई को उत्तर प्रदेश में दाखिल होने वाली राहुल गांधी की ‘भारत जोड़ो यात्रा’ में कांग्रेस ने शिरकत के लिए सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव और बसपा सुप्रीमो मायावती समेत विभिन्न विपक्षी दलों के नेताओं को निमंत्रण भेजा है। पार्टी की यूपी यूनिट के प्रवक्ता अशोक सिंह ने बताया कि अखिलेश यादव, सपा विधायक शिवपाल सिंह यादव, मायावती और रालोद के अध्यक्ष जयंत चौधरी को भारत जोड़ो यात्रा में शामिल होने के लिए सोमवार को न्यौता भेजा।

इस यात्रा के रूट के बारे में बात करते हुए पार्टी प्रवक्ता ने बताया कि इसके अलावा सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी के मुखिया ओमप्रकाश राजभर और भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी के सचिव अतुल अंजान को भी यात्रा का न्योता दिया गया है। उन्होंने बताया कि प्रदेश के पूर्व उप मुख्यमंत्री दिनेश शर्मा को भी निमंत्रण दिया गया है लेकिन उन्हें लखनऊ विश्वविद्यालय के प्रोफेसर के रूप में आमंत्रित किया गया है। इसके अलावा लखनऊ विश्वविद्यालय के हिंदी विभाग के प्रोफेसर रविकांत को भी यात्रा में शामिल होने के लिए निमंत्रण भेजा गया है।

दिल्ली बॉर्डर लोनी के रास्ते यूपी में प्रवेश करेगी यात्रा

आपको बता दें कि राहुल गांधी की भारत जुड़े यात्रा दिल्ली से सटे उत्तर प्रदेश के बॉर्डर गाजियाबाद के लोनी के रास्ते उत्तर प्रदेश में दाखिल होगी। उसके बाद वह बागपत और शामली होते हुए हरियाणा के लिए कूच करेगी। इस दौरान भारत जोड़ो यात्रा तीन दिनों तक यूपी में ही रहेगी। यात्रा में कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी के साथ-साथ पार्टी महासचिव व दल की उत्तर प्रदेश प्रभारी प्रियंका गांधी वाद्रा भी शामिल रहेंगी।

‘किसी एक पार्टी की नहीं है भारत जोड़ो यात्रा’

उत्तर प्रदेश में प्रवेश करने से पहले राहुल गांधी की भारत जोड़ो यात्रा के बारे में कांग्रेस की ओर से बड़ा बयान सामने आया है। यात्रा के प्रदेश समन्वयक पूर्व केंद्रीय मंत्री सलमान खुर्शीद ने पिछले दिनों बताया था कि भारत जोड़ो यात्रा किसी पार्टी की नहीं, बल्कि पूरे देश की है। यही वजह है कि इसमें विभिन्न विपक्षी दलों को भी आमंत्रित किया जाएगा। मालूम हो कि 7 सितंबर को तमिलनाडु के कन्याकुमारी से शुरू हुई यात्रा अब तक 9 राज्यों से गुजर चुकी है। जनवरी के अंत तक यात्रा का जम्मू कश्मीर में समापन होगा। यात्रा ने तमिलनाडु, केरल, कर्नाटक, तेलंगाना, आंध्र प्रदेश, महाराष्ट्र, मध्य प्रदेश, राजस्थान और हरियाणा के 46 जिलों में लगभग 3,000 किलोमीटर की दूरी तय की है।