
नई दिल्ली। कहते हैं जरूरत से ज्यादा कोई भी चीज नुकसानदेह हो सकती है। ऐसा ही कुछ अरुणाचल प्रदेश में हुआ जहां लगातार हो रही मूसलाधार बारिश लोगों के लिए आफत बन गई है। भारी बारिश के कारण चीन सीमा के पास तगड़ा भूस्खलन हो गया जिसमें हाईवे का काफी हिस्सा टूट कर बह गया। इस कारण बहुत से सीमावर्ती क्षेत्रों से संपर्क टूट गया है। आम जनजीवन अस्त व्यस्त है और राज्य सरकार की ओर से भूस्खलन के चलते ट्रैवल एडवाइजरी भी जारी की गई है। भूस्खलन का एक वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।
Disturbed to learn the inconvenience being caused to commuters due to the extensive damage to the highway between Hunli and Anini. Instructions have been issued to restore the connectivity at the earliest as this road connects Dibang Valley to the rest of the country.@PMOIndia https://t.co/xwiOu7yrJB
— Pema Khandu པདྨ་མཁའ་འགྲོ་། (Modi Ka Parivar) (@PemaKhanduBJP) April 25, 2024
इस संबंध में अरुणाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री पेमा खांडू ने भूस्खलन को कहा कि हुनली और अनिनी के बीच राजमार्ग को व्यापक क्षति के कारण यात्रियों को होने वाली असुविधा के बारे में जानकर परेशान हूं। इस संबंध में जल्द से जल्द कनेक्टिविटी बहाल करने के निर्देश संबंधित अधिकारियों को जारी कर दिए गए हैं क्योंकि यह सड़क दिबांग घाटी को देश के बाकी हिस्सों से जोड़ती है। राष्ट्रीय राजमार्ग NH-33 का एक बड़ा हिस्सा भूस्खलन की चपेट में आ गया।
NH-33 राष्ट्रीय राजमार्ग लोगों के साथ-साथ सेना के लिए काफी महत्वपूर्ण है क्योंकि इसी से होकर चीन सीमा से लगे सुदूर क्षेत्रों तक जाया जाता है। अब भूस्खलन के चलते कई क्षेत्रों से संपर्क टूट गया है। राज्य सरकार की ओर से कहा गया है कि बारिश के चलते हाईवे की मरम्मत में दिक्कत आ रही है। हाईवे चालू होने में तीन से चार दिन का समय लग सकता है। फिलहाल मंजर ये है कि बारिश का पानी सड़क पर नदी जैसे बह रहा है और जहां भूस्खलन हुआ है वहां तेज रफ्तार में पानी ऐसे नीचे गिरता दिख रहा है जैसे पहाड़ों की ऊंचाई से कोई झरना नीचे गिरता है। वीडियो से ही अंदाजा लगाया जा सकता है कि हालात कितने भयावह होंगे।