newsroompost
  • youtube
  • facebook
  • twitter

Special Ramayan In Ram Temple: अयोध्या के राम मंदिर में स्थापित हुई अनोखी रामचरितमानस, जानिए क्या है इसकी खास बात

Special Ramayan In Ram Temple: वहीं, राम नवमी के मौके पर भगवान रामलला के सूर्य अभिषेक की भी तैयारी पूरी हो चुकी है। वैज्ञानिकों के बनाए खास यंत्र से दोपहर 12 बजे भगवान राम के मस्तक पर सूर्य की किरणों से तिलक किया जाएगा। गोल रूप में सूर्य की किरणें भगवान रामलला की प्रतिमा को तिलक करेंगी।

अयोध्या। राम नवमी आ रही है। 17 तारीख को भगवान राम का जन्मोत्सव मनाया जाएगा। राम नवमी के मौके पर अयोध्या में भी तमाम तैयारियां की जा रही हैं। यहां खासा उत्साह है। इसकी वजह ये है कि राम मंदिर बनने के बाद पहली बार राम नवमी का उत्सव है। इस अवसर पर यहां श्रद्धालु एक खास रामचरितमानस के दर्शन भी अब कर सकेंगे।

जानकारी के मुताबिक सोने से बनी रामचरितमानस को राम मंदिर के गर्भगृह में स्थापित किया गया है। मध्यप्रदेश के पूर्व आईएएस सुब्रहमण्यम लक्ष्मीनारायण और उनकी पत्नी सरस्वती ने राम मंदिर का प्रबंधन देखने वाले श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट को सोने से बनी रामचरितमानस भेंट की है। चैत्र नवरात्रि के पहले दिन मंगलवार को सोने से बनी रामचरितमानस को भगवान रामलला के गर्भगृह में स्थापित किया गया। इस मौके पर पूर्व आईएएस और उनकी पत्नी भी यहां मौजूद थे। सोने से बनी रामचरितमानस को चेन्नई के वुममिडी बंगारू ज्वेलर्स ने तैयार किया है। इसके ऊपरी हिस्से में चांदी से भगवान राम का पट्टाभिषेक दिखाया गया है।

वहीं, राम नवमी के मौके पर भगवान रामलला के सूर्य अभिषेक की भी तैयारी पूरी हो चुकी है। वैज्ञानिकों के बनाए खास यंत्र से दोपहर 12 बजे भगवान राम के मस्तक पर सूर्य की किरणों से तिलक किया जाएगा। गोल रूप में सूर्य की किरणें भगवान रामलला की प्रतिमा को तिलक करेंगी। इसके लिए यंत्र स्थापित कर दिया गया है। जानकारी के मुताबिक राम नवमी पर 4 मिनट के लिए सूर्य की किरणों से भगवान रामलला का ये तिलक होगा। इसे वहां मौजूद श्रद्धालु देख सकेंगे। राम नवमी पर भगवान रामलला के 20 घंटे तक दर्शन भी किए जा सकेंगे। अभी हर दिन 14 घंटे ही भगवान रामलला के दर्शन होते हैं।