newsroompost
  • youtube
  • facebook
  • twitter

दिल्ली : भाजपा ने विधायक रामवीर सिंह बिधूड़ी को चुना नेता विपक्ष

उन्होंने कहा कि दिल्ली विधानसभा में भारतीय जनता पार्टी का रचनात्मक विरोध रहेगा। मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने दिल्ली को दुनिया का सबसे सुंदर देश बनाने का वादा किया है। इसमें आम आदमी पार्टी को हमारा पूरा सहयोग मिलेगा। 

नई दिल्ली। दिल्ली विधानसभा में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) विधायक रामवीर सिंह बिधूड़ी नेता प्रतिपक्ष होंगे। भाजपा के दिल्ली प्रदेश कार्यालय पर सोमवार की सुबह दस बजे हुई बैठक में पार्टी के सभी विधायकों ने आम सहमति से उन्हें विधायक दल का नेता चुना। मुख्य विपक्षी पार्टी के विधायक दल का नेता ही विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष होता है।

Ramvir Singh Bidhuri

नेता प्रतिपक्ष बनने के बाद बिधूड़ी ने कहा कि मैं प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, अमित शाह, जेपी नड्डा, प्रदेश नेतृत्व और सभी विधायकों का बहुत आभारी हूं। मैं सबके प्रति आभार प्रकट करता हूं। चुनावों के बाद सोमवार को दिल्ली विधानसभा का पहला सत्र होना है।

उन्होंने कहा कि दिल्ली विधानसभा में भारतीय जनता पार्टी का रचनात्मक विरोध रहेगा। मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने दिल्ली को दुनिया का सबसे सुंदर देश बनाने का वादा किया है। इसमें आम आदमी पार्टी को हमारा पूरा सहयोग मिलेगा।

Ramvir Singh Bidhuri
बिधूड़ी ने कहा कि हम यह चाहते हैं केजरीवाल सरकार 200 यूनिट बिजली और मुफ्त महिला बस सफर की योजनाओं को जारी रखे। योजनाओं में अगर कोई कटौती होती है तो भाजपा इसका विरोध दर्ज कराएगी।

बिधूड़ी की पहचान दिल्ली के प्रभावी गुर्जर नेता की रही है। राजनीतिक सफर पर नजर डालें तो रामवीर सिंह बिधूड़ी चार बार विधायक रह चुके हैं। यूं तो उन्होंने राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) के छात्र संगठन एबीवीपी से राजनीति शुरू की, मगर कई पार्टियों से होते हुए वे भाजपा की मुख्यधारा में पहुंचे। वह पहली बार 1993 में जनता दल के टिकट पर विधायक बने थे, फिर 2003 में शरद पवार की राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (राकांपा) में शामिल होकर दूसरी बार विधानसभा चुनाव जीते। वर्ष 2012 में वह भाजपा में शामिल हुए और 2013 का विधानसभा चुनाव जीतकर तीसरी बार विधायक बने। वे आम आदमी पार्टी (आप) की लहर में 2015 का विधानसभा चुनाव हार गए, लेकिन फिर 2020 के विधानसभा चुनाव में भाजपा से जीतने में सफल रहे।

 

 

बता दें कि दिल्ली विधानसभा चुनाव इसी महीने की 8 तारीख को हुए थे। 11 फरवरी को नतीजे आए थे। दिल्ली चुनाव में फिर आम आदमी पार्टी को बड़ी जीत मिली है। उन्होंने 70 में से 62 सीटों पर जीत दर्ज की है। वहीं बीजेपी के खाते में 8 सीट आई हैं। भाजपा के जीते विधायकों में विजेंद्र कुमार (रोहिणी), रामवीर सिंह बिधूड़ी (बदरपुर), अभय वर्मा (लक्ष्मी नगर), ओम प्रकाश शर्मा (विश्वास नगर), अनिल वाजपेयी (गांधी नगर), जितेंद्र महाजन (रोहताश नगर), अजय महावर (घोंडा), मोहन सिंह बिष्ट (करावल नगर) शामिल हैं।