newsroompost
  • youtube
  • facebook
  • twitter

UP Assembly Election: योगी के 9 मंत्रियों की किस्मत भी आज दांव पर, सबकी नजरें श्रीकांत, राणा और दिनेश खटीक पर

पहले दौर में 58 सीटों पर मतदान के जरिए लोग अपने विधायक चुनने जा रहे हैं। इन 58 में से 9 सीटों पर योगी आदित्नाथ की बीजेपी सरकार के 9 मंत्रियों की किस्मत भी दांव पर लगी है। बता दें कि बीजेपी ने 2017 में इन 58 में से 53 सीटों को हासिल किया था। ये सभी 9 मंत्री भी यहां से सिटिंग कैंडिडेट हैं।

लखनऊ। आज यूपी में पहले दौर की वोटिंग है। पहले दौर में 58 सीटों पर मतदान के जरिए लोग अपने विधायक चुनने जा रहे हैं। इन 58 में से 9 सीटों पर योगी आदित्नाथ की बीजेपी सरकार के 9 मंत्रियों की किस्मत भी दांव पर लगी है। बता दें कि बीजेपी ने 2017 में इन 58 में से 53 सीटों को हासिल किया था। ये सभी 9 मंत्री भी यहां से सिटिंग कैंडिडेट हैं। पहले दौर में कुल 623 उम्मीदवार मैदान में हैं। इनमें बीजेपी, सपा, बीएसपी, कांग्रेस और एआईएमआईएम के अलावा अन्य प्रत्याशी भी हैं। आज योगी सरकार के जिन मंत्रियों की किस्मत का फैसला होगा, वो हैं ऊर्जा मंत्री श्रीकांत शर्मा, व्यावसायिक शिक्षा और कौशल विकास राज्यमंत्री कपिलदेव अग्रवाल, गन्ना मंत्री सुरेश राणा, स्वास्थ्य राज्य मंत्री अतुल गर्ग, वित्त और चिकित्सा शिक्षा राज्य मंत्री संदीप सिंह, समाज कल्याण राज्य मंत्री जीएस धर्मेश, वन राज्य मंत्री अनिल शर्मा और जल शक्ति राज्य मंत्री दिनेश खटीक।

shrikant sharma

सबसे बड़ी सीट मथुरा की है। यहां की शहर सीट से ऊर्जा मंत्री श्रीकांत शर्मा मैदान में हैं। उनके मुकाबले कांग्रेस से प्रदीप माथुर, सपा से देवेंद्र अग्रवाल और बीएसपी से एसके शर्मा खड़े हैं। कैबिनेट मंत्री अतुल गर्ग गाजियाबाद सीट से मुकाबले में उतरे हैं। उनके खिलाफ सपा के विशाल वर्मा, बीएसपी के कृष्ण कुमार और कांग्रेस के सुशांत गोयल हैं। बड़े नेताओं में गन्ना मंत्री सुरेश राणा भी आज के दिन मैदान में हैं। वो शामली जिले के थानाभवन सीट से किस्मत आजमा रहे हैं। इसके अलावा पूर्व सीएम कल्याण सिंह के पौत्र और योगी सरकार में मंत्री संदीप सिंह अतरौली सीट से चुनाव मैदान में उतरे हैं। ये उनकी पारिवारिक सीट रही है।

suresh rana

योगी सरकार में एक और मंत्री अनिल शर्मा बुलंदशहर की शिकारपुर सीट से आज चुनावी मैदान में हैं। पिछली बार उन्होंने यहां से बीएसपी के मुकुल उपाध्याय को 50000 से ज्यादा वोटों से हराया था। मुकुल बाद में बीजेपी में शामिल हो गए थे। योगी के मंत्री कपिलदेव अग्रवाल मुजफ्फरनगर सदर सीट से मैदान में उतरे हैं। उन्होंने पिछली बार सपा के जीएस बंसल को 10000 से ज्यादा वोट से हराया था। बंसल इस बार भी सपा के उम्मीदवार के तौर पर कपिलदेव के सामने हैं। वहीं, दिनेश खटीक मेरठ की हस्तिनापुर सीट से चुनाव लड़ रहे हैं। पिछली बार भी वो यहां से जीते थे। इतिहास है कि हस्तिनापुर से जिस पार्टी का विधायक जीतता है, उसी की सरकार बनती है। ऐसे में दिनेश की सीट पर सबकी नजर है। आगरा कैंट विधानसभा सीट से जीएस धर्मेश मैदान में उतरे हैं। पिछली बार उन्होंने 45000 वोट से ये सीट जीती थी। मथुरा की छाता सीट से योगी के एक और मंत्री चौधरी लक्ष्मीनारायण भी मैदान में उतरे हैं। अब सबकी नजर है कि योगी सरकार के ये 9 मंत्री इस बार भी जीत का परचम लहराते हैं या उन्हें यहां शिकस्त का सामना करना पड़ता है।