newsroompost
  • youtube
  • facebook
  • twitter

Kashmir Tourism: सैलानियों से मुस्कुराया धरती का स्वर्ग, कश्मीर में पर्यटन ने तोड़ा 10 साल का रिकॉर्ड

Kashmir Tourism: कश्मीर के टूर ऑपरेटर के मुताबिक- घाटी में हर रोज 3 से 4 हजार पर्यटक पहुंच रहे हैं। यहां के ज्यादातर महंगे होटलों की बुकिंग मार्च 2022 तक हो चुकी है। अगर कश्मीर में पर्यटकों की संख्या पर गौर करें तो, इस साल अक्टूबर में 93 हजार पर्यटक कश्मीर गए, जबकि नवंबर में ये आंकड़ा बढ़कर 1.27 लाख हो गया।

नई दिल्ली। मनमोहक वादियों के बीच बर्फबारी की तस्वीरें धरती का स्वर्ग कहे जाने वाले कश्मीर से शुभ समाचार लेकर आई है। कश्मीर में सैलानियों की संख्या हर दिन नया रिकॉर्ड बना रही है। कश्मीर में पर्यटकों की लगातार बढ़ती संख्या ने पिछले 10 साल का रिकॉर्ड तोड़ दिया है। कोरोना ने भले ही पर्यटन में ग्रहण लगाने का काम किया हो। लेकिन कश्मीर की फिजा पर्यटकों से गुलजार है। कश्मीर की बर्फबारी यहां पर्यटकों को खासा आकर्षित कर रही है। इस साल अब तक साढ़े 6 लाख ज्यादा पर्यटक कश्मीर पहुंच चुके हैं, जो पिछले एक दशक में सबसे ज्यादा है। कोरोना की पाबंदियों की वजह से बड़ी संख्या में घरेलू पर्यटक कश्मीर पहुंच रहे हैं। अंतरराष्ट्रीय उड़ानें बंद होने के कारण भी क्रिसमस और नए साल के मौके पर स्विट्जरलैंड और दुबई जैसी जगहों पर जाने वाले टूरिस्ट भी कश्मीर पहुंच रहे हैं। डल झील में हाउस बोट और गुलमर्ग में स्की रिसॉर्ट की बुकिंग की डिमांड काफी बढ़ गई है।

Kashmir

कश्मीर के टूर ऑपरेटर के मुताबिक- घाटी में हर रोज 3 से 4 हजार पर्यटक पहुंच रहे हैं। यहां के ज्यादातर महंगे होटलों की बुकिंग मार्च 2022 तक हो चुकी है। अगर कश्मीर में पर्यटकों की संख्या पर गौर करें तो, इस साल अक्टूबर में 93 हजार पर्यटक कश्मीर गए, जबकि नवंबर में ये आंकड़ा बढ़कर 1.27 लाख हो गया। दिसंबर में कश्मीर पहुंचने वाले पर्यटकों की संख्या अबतक डेढ़ लाख पहुंच चुकी है। धारा 370 हटने के बाद से ही, कश्मीर में टूरिज्म को काफी प्रमोट किया जा रहा है। अब उसका फायदा सैलानियों की बढ़ती संख्या से नजर आ रहा है।

Kashmir pic

कश्मीर के पर्यटन विभाग ने यहां की 75 ऑफ बीट जगहों को प्रमोट किया है। जो यहां आने वाले पर्यटकों के लिए खासा आकर्षण है। सबसे दिलचस्प बात ये है कि कश्मीर में पर्यटन का रिकॉर्ड, घरेलू सैलानियों ने बनाया है। कोविड प्रोटोकॉल की वजह से, अंतरराष्ट्रीय यात्राओं पर लगी पाबंदी है। जिसकी वजह से अंतरराष्ट्रीय पर्यटक यहां नहीं आ पा रहे हैं।

Kashmir

पिछले कुछ सालों में कश्मीर जाने वाले पर्यटकों की संख्या में कमी आई थी। 2018 में 33,720 2019 में 12,086 और 2020 में 6,327 पर्यटक कश्मीर गए थे। लेकिन इस साल अब तक साढ़े 6 लाख पर्यटकों का कश्मीर आना एक नया रिकॉर्ड है। इससे साबित होता है कि कश्मीर में टूरिज्म की रौनक दोबारा वापस लौट रही है। साथ ही कश्मीर में सैलानियों की बढ़ती संख्या घाटी में नए बदलाव का भी प्रतीक है।