newsroompost
  • youtube
  • facebook
  • twitter

पश्चिम बंगाल : लॉकडाउन का उल्लंघन करने वाले धार्मिक जमावड़े पर गृह मंत्रालय नाराज, अधिकारियों को पत्र लिख मांगा जवाब

हाल ही में पश्चिम बंगाल में लॉक डाउन के बीच कुछ लोगों ने नमाज अदा की थी। इस पर केंद्रीय गृह मंत्रालय ने सख्त नाराजगी जताई है।

नई दिल्ली। देशभर में चल रहे 21 दिन के देशव्यापी लॉक डाउन के बीच कई जगह से लॉक डाउन के उल्लंघन की भी खबरें सामने आ रही हैं जिस पर पुलिस प्रशासन सख्ती बरतते हुए लगातार कार्रवाई कर रहा है। मगर हाल ही में पश्चिम बंगाल में लॉक डाउन के बीच कुछ लोगों ने नमाज अदा की थी जिसमें कई सारे लोग एक मस्जिद के अंदर इकट्ठे हुए थे। इस पर केंद्रीय गृह मंत्रालय ने सख्त नाराजगी जताई है। गृह मंत्रालय ने पश्चिम बंगाल में लॉकडाउन में छूट दिए जाने पर आपत्ति जताई और कहा कि राज्य में गैर-जरूरी वस्तुओं की दुकानें खुलने दी गईं और पुलिस ने धार्मिक जमावड़े की भी इजाजत दी।

इस बारे में बताते हुए पश्चिम बंगाल के मुख्य सचिव और पुलिस  महानिदेशक को गृह मंत्रालय ने एक पत्र भेजा है और कहा कि कोलकाता में राजबाजार, नारकेल डांगा, टोपसिया, मेतियाबुर्ज, गार्डेनरीच, इकबालपुर और मुनिकटला जैसे स्थानों पर सब्जी, मछली और मांस बाजारों में कोई नियंत्रण नहीं है। इन जगहों पर  लोग आपस में दूरी बना कर रखने के नियमों को धत्ता बताते हुए बड़ी संख्या में इकठ्ठे हो रहे हैं। महत्वपूर्ण बात यह है कि नारकेल डांगा जैसे स्थानों पर कोविड-19 जैसे मामले कथित तौर पर अधिक सामने आए हैं। इसके बावजूद भी प्रशासन ने लोगों को वहां पर इतने बड़े पैमाने पर इकट्ठा होने की इजाजत कैसे दी।

केंद्रीय गृह मंत्रालय द्वारा लिखे गए पत्र में कहा गया है, ”यह भी सामने आया है कि पुलिस लॉकडाउन के बीच धार्मिक कार्यक्रमों की इजाजत देती रही है। इसके साथ ही मुफ्त राशन सरकारी व्यवस्था से नहीं बांटे जा रहे बल्कि लोकल नेता बांट रहे हैं। जिसकी वजह से हो सकता है कि यह भी कोविड-19 को बढ़ाने का एक कारण रहा हो। इसमें मंत्रालय ने कहा कि ऐसी गतिविधियां केंद्र सरकार द्वारा आपदा प्रबंधन अधिनियम, 2005 के तहत समय-समय पर जारी किए गए आदेशों के खिलाफ हैं और इस कानून के तहत कार्रवाई किए जाने लायक हैं। केंद्रीय गृह मंत्रालय द्वारा लिखे गए इस पत्र में साफ तौर पर नाराजगी दिखाई दे रही है।

गौरतलब है कि हाल ही में पश्चिम बंगाल से एक मस्जिद में नमाज अदा किए जाने की तस्वीरें सामने आई थी जिसके बाद पुलिस प्रशासन ने वहां मौजूद लोगों को समझाया था। और आगे से मस्जिद में लॉक डाउन के बीच नमाज अदा नहीं करने की अपील भी की थी।