newsroompost
  • youtube
  • facebook
  • twitter

राज्य सम्पत्ति विभाग के कर्मचारियों के लिए ऑनलाइन पोर्टल सेवा, CM योगी ने किया औपचारिक उद्घाटन

Yogi Government: अपर मुख्य सचिव गोयल ने यह जानकारी भी दी कि राज्य सम्पत्ति विभाग की सेवा नियमावली की विसंगति को दूर कर दिया गया है। इससे कर्मचारियों की 5 वर्षों से लम्बित प्रोन्नति का मार्ग प्रशस्त हो गया।

लखनऊ। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की प्रेरणा से राज्य सम्पत्ति विभाग में कार्यरत सभी कर्मचारियों के सेवा सम्बन्धी समस्त मामलों के निस्तारण के लिए मानव सम्पदा ऑनलाइन पोर्टल को अडाॅप्ट कर लिया गया है। मुख्यमंत्री के अपर मुख्य सचिव एसपी गोयल द्वारा आज यहां इसका औपचारिक रूप से उद्घाटन किया गया। अपर मुख्य सचिव ने बताया कि मानव सम्पदा पोर्टल को अंगीकृत किए जाने के बाद राज्य सम्पत्ति विभाग के समस्त कर्मचारीगण अवकाश हेतु ऑनलाइन अथवा मोबाइल एप से आवेदन कर सकेंगे। इस पर ऑनलाइन ही निर्णय लेते हुए विभाग द्वारा सम्बन्धित कार्मिक को मेल अथवा एसएमएस के माध्यम से सूचित कर दिया जाएगा। इसके अतिरिक्त कर्मचारियों की सेवा पंजिका, एसीआर तथा अन्य सेवा अभिलेखों का ऑनलाइन ही रख-रखाव किया जाएगा। इससे कार्मिकों के सेवा सम्बन्धी प्रकरणों का यथा समय निस्तारण सम्भव हो सकेगा।

CM Yogi

अपर मुख्य सचिव गोयल ने यह जानकारी भी दी कि राज्य सम्पत्ति विभाग की सेवा नियमावली की विसंगति को दूर कर दिया गया है। इससे कर्मचारियों की 5 वर्षों से लम्बित प्रोन्नति का मार्ग प्रशस्त हो गया। विभाग द्वारा 5 व्यवस्था अधिकारियों तथा 1 मुख्य व्यवस्था अधिकारी को अगले पद पर पदोन्नति प्रदान कर दी गई है। सम्बन्धित कार्मिकों द्वारा नवीन पद का कार्यभार ग्रहण कर लिया गया है।

yogi order

गोयल ने यह जानकारी भी दी कि सरकारी काॅलोनियों में अध्यासित 126 पत्रकारों/वरिष्ठ पत्रकारों को उन्हें आवंटित आवासों का वर्ष 2021 के लिए नवीनीकरण कर दिया गया है। इसके अलावा, राज्य सम्पत्ति विभाग द्वारा सरकारी काॅलोनियों में अध्यासित 10 पत्रकारों/वरिष्ठ पत्रकारों के आवास का पुनः आवंटन भी किया गया है। इस अवसर पर सचिव मुख्यमंत्री आलोक कुमार, विशेष सचिव, मुख्यमंत्री तथा राज्य सम्पत्ति अधिकारी शुभ्रांत कुमार शुक्ला, सूचना निदेशक शिशिर, एन0आई0सी0 के वरिष्ठ तकनीकी विशेषज्ञ ए0के0 रावत सहित राज्य सम्पत्ति विभाग के अधिकारीगण उपस्थित थे।