newsroompost
  • youtube
  • facebook
  • twitter

Kalpana Soren : कल्पना सोरेन लड़ेंगी उपचुनाव, जेएमएम ने की घोषणा, जानिए कौन सी सीट से आजमाएंगी किस्मत

Kalpana Soren : भूमि घोटाले में पूर्व सीएम हेमंत सोरेन के जेल जाने के बाद से कल्पना सोरेन की लगातार सक्रियता को देखते हुए पिछले कई दिनों से कयास लगाए जा रहे थे कि कल्पना जल्द ही सक्रिय राजनीति में उतर सकती हैं।

नई दिल्ली। झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन की पत्नी कल्पना सोरेन अब पूरी तरह से सक्रिय राजनीति में उतरने वाली हैं। कल्पना झारखंड में होने वाले उपचुनाव में गांडेय सीट से चुनाव लड़ने जा रही हैं। झारखंड मुक्ति मोर्चा (जेएमम) ने आधिकारिक तौर से इसका ऐलान करते हुए बताया गया है कि कल्पना सोरेन 29 अप्रैल को नामांकन दाखिल करेंगी।

आपको बता दें कि भूमि घोटाला मामले में हेमंत सोरेन के जेल जाने के बाद से कल्पना सोरेन की लगातार सक्रियता को देखते हुए पिछले कई दिनों से कयास लगाए जा रहे थे कि कल्पना जल्द ही सक्रिय राजनीति में उतर सकती हैं। हालांकि पहले चर्चा ऐसी भी थी कि हेमंत के जेल जाने के बाद वो अपनी कुर्सी पत्नी कल्पना सोरेन को सौपेंगे लेकिन ऐसा नहीं हुआ। लेकिन अब कल्पना के गांडेय विधानसभा सीट से चुनाव लड़ने की घोषणा के साथ ही उनके सक्रिय राजनीति में आने की चर्चाओं पर विराम लग गया। गांडेय विधानसभा सीट पर 20 मई को उपचुनाव होना है। विधायक सरफराज अहमद के इस्तीफे से यह सीट खाली हो गई थी। गांडेय के पूर्व विधायक सरफराज को झामुमो ने राज्यसभा का टिकट दिया और सरफराज राज्यसभा के लिए निर्विरोध निर्वाचित हो गए।

गौरतलब है कि कल्पना सोरेन सोरेन ने 21 अप्रैल को रांची के प्रभात तारा मैदान में हुई विपक्ष के इंडी गठबंधन की रैली को संपन्न कराने में भी अहम भूमिका निभाई। ऐसी चर्चा है कि कल्पना ने इंडी गठबंधन में शामिल कांग्रेस, आरजेडी, कम्युनिष्ट पार्टी के नेताओं को खुद फोन करके रैली में शामिल होने का आग्रह किया था। कहा जा रहा है कि कल्पना सोरेन के आग्रह को स्वीकार करते हुए ही कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे, बिहार के पूर्व उप-मुख्यमंत्री और आरजेडी नेता तेजस्वी यादव, उत्तर प्रदेश के पूर्व सीएम और समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव समेत कई नेता रांची पहुंचे थे।