newsroompost
  • youtube
  • facebook
  • twitter

MS Dhoni: आईपीएल 2023 में भी धोनी ही होंगे चेन्नई सुपर किंग्स के कप्तान, टीम के मालिकों ने लगाई मुहर

MS Dhoni: अंतर्राष्ट्रीय क्रिकेट को 2 साल पहले अलविदा कहने वाले धोनी फिलहाल इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) में खेल रहे हैं। ऐसे में धोनी के फैंस ये सोच रहे होंगे कि क्या धोनी आईपीएल का अगला सीजन खेलेंगे या नहीं?

नई दिल्ली। कैप्टन कूल कहे जाने वाले पूर्व भारतीय कप्तान महेंद्र सिंह धोनी के फैंस के लिए एक दिल को खुश करने वाली खबर सामने आ रही है। अंतर्राष्ट्रीय क्रिकेट को 2 साल पहले अलविदा कहने वाले धोनी फिलहाल इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) में खेल रहे हैं। ऐसे में धोनी के फैंस ये सोच रहे होंगे कि क्या धोनी आईपीएल का अगला सीजन खेलेंगे या नहीं? अगर धोनी आईपीएल में खेलते भी हैं तो क्या वो चेन्नई सुपर किंग्स टीम के कप्तान बने रहेंगे या नहीं ? तो फैंस के लिए खुशखबरी ये है कि उनके तमाम सवालों का जवाब टीम के फ्रेंचाईजी ने दे दिया है। जी हां, चेन्नई टीम के फ्रेंचाईजी ने ये साफ कर दिया है कि आईपीएल के अगले सीजन में भी महेंद्र सिंह धोनी ही चेन्नई सुपर किंग्स के कप्तान होंगे।

आईपीएल के अगले सीजन में भी चेन्नई के कप्तान धोनी ही होंगे। इस बात की पुष्टि चेन्नई की टीम के सीईओ काशी विश्वनाथ ने की है। काशी विश्वनाथ ने अपने एक इंटरव्यू में इस बारे में बात करते हुए बताया कि ‘आईपीएल के अगले सीजन में भी धोनी ही चेन्नई के कप्तान होंगे। इसमें कोई भी बदलाव नहीं किया गया है।’

पिछले सीजन में रवींद्र जडेजा को सौंपी थी कप्तानी

आईपीएल की शुरुआत 2008 में हुई थी। आईपीएल के पहले सीजन से ही धोनी ने चेन्नई सुपर किंग्स की कप्तानी का जिम्मा संभाला था और अपनी कप्तानी में धोनी ने चेन्नई को 4 बार आईपीएल का खिताब भी जिताया है। हालांकि पिछले सीजन में फ्रेंचाईजी ने टीम में बदलाव करते हुए धोनी की जगह रवींद्र जडेजा को चेन्नई की कप्तानी का जिम्मा सौंपा था, मगर टीम का प्रदर्शन बेहद बुरा रहा।

जडेजा ने बीच में छोड़ी कप्तानी

रवींद्र जडेजा की कप्तानी में चेन्नई की टीम का प्रदर्शन बेहद बुरा रहा। टीम ने शुरुआत के 8 मैचों में से केवल 2 मैच ही जीते थे। इसका असर जडेजा की परफॉरमेंस पर भी पड़ा। वो बैटिंग के साथ-साथ बॉलिंग में भी फ्लॉप नजर आए। इसके बाद जडेजा ने खुद कप्तानी से इस्तीफा देकर टीम की कमान एक बार फिर धोनी को सौंप दी थी। इसके बाद कहीं जाकर चेन्नई की टीम आईपीएल 2022 के प्लेऑफ तक पहुंच सकी थी।