newsroompost
  • youtube
  • facebook
  • twitter

Russia Attacks Ukraine: पुतिन की परमाणु धमकी के बीच यूक्रेन पर अब बेलारूस के हमले का भी खतरा, अमेरिकी राष्ट्रपति ने बुलाई NATO की बैठक

खबर है कि रूस से टकराने के लिए विदेश में बसे तमाम यूक्रेनी नागरिक भी अपने देश लौट रहे हैं। अब तक पोलैंड के रास्ते ही 20000 से ज्यादा यूक्रेनी अपने देश लौटे हैं। इन सभी को जेलिंस्की सरकार ने हथियार देने का एलान किया है।

वॉशिंगटन। यूक्रेन और रूस के बीच पिछले 5 दिन से जारी जंग में अब रूस के साथी बेलारूस के भी कूदने के आसार हैं। बेलारूस से भी रूस के सैनिक पहले यूक्रेन पर हमला कर रहे थे, लेकिन अब बेलारूस अपने सैनिकों को भी यूक्रेन में जंग के लिए भेजने की तैयारी कर रहा है। ये खबर अमेरिकी अखबार वॉशिंगटन पोस्ट ने दी है। अखबार के मुताबिक रूस के साथ बेलारूस ने इसी वजह से अपने सैनिकों को सैन्य अभ्यास करने दिया था। बेलारूस ने पहले ही धमकी दी है कि वो रूस के परमाणु बम अपने यहां तैनात कर सकता है। उसने जनमत संग्रह कराकर इस वास्ते अपने संविधान में भी बदलाव किया है। बता दें कि रुस के राष्ट्रपति व्लादिमिर पुतिन ने रविवार को ही अपने परमाणु बल को भी तैयार रहने का आदेश दिया था। ऐसे में यूक्रेन की जंग के बड़ा रूप लेने के पूरे आसार दिख रहे हैं।

इस बीच, रूस के हमले न थमने और बेलारूस के मैदान में उतरने के हालात देखते हुए अमेरिका के राष्ट्रपति जो बाइडेन आज नाटो देशों के प्रमुखों के साथ बैठक करने वाले हैं। इस बैठक में यूरोपीय संघ के अलावा ब्रिटेन, कनाडा, फ्रांस, जर्मनी, इटली, पोलैंड, जापान और रोमानिया भी हिस्सा लेंगे। बैठक पर पूरी दुनिया की नजर है, क्योंकि रूस के राष्ट्रपति व्लादिमिर पुतिन ने कल ही अपने परमाणु बल के प्रमुख को हाई अलर्ट पर जाने के आदेश दिए थे। इस बीच, खबर है कि रूस से टकराने के लिए विदेश में बसे तमाम यूक्रेनी नागरिक भी अपने देश लौट रहे हैं। अब तक पोलैंड के रास्ते ही 20000 से ज्यादा यूक्रेनी अपने देश लौटे हैं। इन सभी को जेलिंस्की सरकार ने हथियार देने का एलान किया है।

putin

उधर, दो-चार दिन में यूक्रेन पर कब्जा करने की तैयारी करके मैदान में उतरे रूस को अब तक सफलता नहीं मिली है। इसके बाद वो अब अलग राग अलाप रहा है। रूस के एक अफसर ने कहा है कि उनके देश की सेना यूक्रेन के आम नागरिकों को न तो धमकी दे रही है और न ही नागरिकों के ठिकानों पर हमले कर रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि यूक्रेन के राष्ट्रवादी तत्वों ने नागरिकों को ढाल बनाया हुआ है और रूस को बदनाम करने की साजिश रची गई है। रूस की सेना ने पहली बार ये भी माना कि यूक्रेन में उसके सैनिक हताहत भी हुए हैं और युद्ध अपराध के तहत तमाम सैनिकों को गिरफ्तार भी किया गया है। रूस के रक्षा मंत्रालय के प्रवक्ता मेजर जनरल इगोर कोनाशेन्कोव ने रविवार को कहा कि हमारे कुछ सैनिकों की जान गई है और कुछ घायल हुए हैं।