newsroompost
  • youtube
  • facebook
  • twitter

Diwali Celebration By Rishi Sunak: ब्रिटेन के पीएम ऋषि सुनक ने मनाई दीपावली, धर्मपरायण हिंदू होने का किया एलान, दक्षिण अफ्रीका के राष्ट्रपति ने भी दी शुभकामनाएं

ब्रिटेन के पीएम ऋषि सुनक ने कहा कि दीयों के प्रकाश के साथ ही हम उज्ज्वल कल की उम्मीद भी कर सकते हैं। उन्होंने कहा कि पीएम के तौर पर वो सुधार के लिए कटिबद्ध हैं। ऋषि सुनक पहले भारतीय मूल के व्यक्ति हैं, जो ब्रिटेन के पीएम पद तक पहुंचे हैं।

लंदन/प्रिटोरिया। आज दीपावली का पर्व है। प्रकाश के इस पर्व को देश के अलावा विदेश में भी धूमधाम से मनाया जा रहा है। लंदन में अपने सरकारी आवास 10 डाउनिंग स्ट्रीट पर ब्रिटेन के पीएम ऋषि सुनक ने भी पत्नी अक्षता मूर्ति के साथ दीपावली का पर्व मनाया। इस मौके पर ऋषि सुनक ने अपने संदेश में कहा कि वो धर्मपरायण हिंदू हैं। ऋषि सुनक ने सभी को दीपावली की शुभकामनाएं दी और कहा कि जातीय और सांस्कृतिक विविधता का ये शानदार त्योहार हो सकता है। ब्रिटेन के पीएम ऋषि सुनक ने कहा कि दीयों के प्रकाश के साथ ही हम उज्ज्वल कल की उम्मीद भी कर सकते हैं। उन्होंने कहा कि पीएम के तौर पर वो सुधार के लिए कटिबद्ध हैं। ऋषि सुनक पहले भारतीय मूल के व्यक्ति हैं, जो ब्रिटेन के पीएम पद तक पहुंचे हैं। उनकी पत्नी अक्षरा मूर्ति इन्फोसिस के संस्थापक नारायणमूर्ति की बेटी हैं। 10 डाउनिंग स्ट्रीट पर दीपावली का पर्व मनाए जाने के दौरान तमाम सेलिब्रिटीज भी मौजूद रहे।

rishi sunak diwali 1

वहीं, दक्षिण अफ्रीका के राष्ट्रपति सिरिल रामफोसा ने भी दीपावली पर हिंदू समुदाय को शुभकामनाएं दी। सिरिल रामफोसा ने अपने संबोधन की शुरुआत नमस्ते से की। उन्होंने भगवान राम को भी याद किया। दक्षिण अफ्रीका के राष्ट्रपति रामफोसा ने कहा कि दीये जलाने से भविष्य में उज्ज्वल भविष्य दिखता है। उन्होंने कहा कि किसी धर्म या जातीय विभेद के बिना सभी के लिए दीपावली का त्योहार बराबरी का मौका लेकर आएगा। सिरिल रामफोसा ने कहा कि दुनिया के सभी लोग एक हैं। दक्षिण अफ्रीका में रहने वाले हिंदू समुदाय के देश के विकास में भूमिका की भी दक्षिण अफ्रीका के राष्ट्रपति ने सराहना की। दक्षिण अफ्रीका में अंग्रेजों के शासनकाल से ही हिंदू समुदाय के तमाम लोग पहुंचने लगे थे। वहां हिंदुओं की अच्छी खासी संख्या है।

दिवाली के पर्व को पिछले कुछ साल से अमेरिका के राष्ट्रपति भी मनाने लगे हैं। वॉशिंगटन में राष्ट्रपति जो बाइडेन और उप राष्ट्रपति कमला हैरिस ने बीते साल धूमधाम से दीपावली का पर्व मनाया था और अपने सरकारी आवासों पर लोगों को बुलाकर दीये जलाए थे। इस बार भी जो बाइडेन और कमला हैरिस दीपावली का पर्व मनाएंगे। अमेरिका में दीपावली का पर्व कल होगा। इसलिए वहां कल ही लोग दीपावली पर दीयों का प्रकाश करेंगे। वहीं, देश में तो दीपोत्सव की शुरुआत हो ही चुकी है। धनतेरस के बाद बीते कल लोगों ने छोटी दिवाली मनाई और इस दौरान दीये जलाकर सभी के जीवन में प्रकाश आने की कामना की।