newsroompost
  • youtube
  • facebook
  • twitter

Attack: पाकिस्तान के पेशावर में अब कट्टरपंथियों ने ली ईसाई धर्मगुरु की जान, रेवरेंड की हालत गंभीर

इससे पहले भी पाकिस्तान में ईसाई और हिंदू समुदाय की लड़कियों को अगवा कर उनसे रेप और जबरन धर्म बदलकर शादी करने के मामले सामने आते रहे हैं। पाकिस्तान की इमरान खान सरकार ऐसा करने वालों पर कोई कार्रवाई नहीं कर रही है।

पेशावर। पाकिस्तान में अल्पसंख्यक हिंदुओं और ईसाइयों का दमन जारी है। ताजा मामला पेशावर का है। यहां ईसाई पैस्टर विलियम सिराज की कुछ बंदूकधारियों ने रविवार को हत्या कर दी। उनके साथ कार में बैठे रेवरेंड पैट्रिक नईम हमले में घायल हुए हैं। दोनों ईसाई धर्मगुरु रविवार की प्रार्थना के बाद चर्च से लौट रहे थे। इसी दौरान कुछ बंदूकधारियों ने उनकी कार को घेर लिया और ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी। इससे पहले भी पाकिस्तान में ईसाई और हिंदू समुदाय की लड़कियों को अगवा कर उनसे रेप और जबरन धर्म बदलकर शादी करने के मामले सामने आते रहे हैं। पाकिस्तान की इमरान खान सरकार ऐसा करने वालों पर कोई कार्रवाई नहीं कर रही है।

hinglaj mata temple

बीते दिनों सिंध प्रांत में देवी के 11 शक्तिपीठों में शुमार माता हिंगलाज मंदिर में भी कुछ उपद्रवियों ने तोड़फोड़ की थी। यहां मूर्तियों को नुकसान भी पहुंचाया गया था। पिछले साल भी पाकिस्तान के कई इलाकों में हिंदू मंदिरों में तोड़फोड़ और आगजनी की घटनाएं हुई थीं। जिसके बाद तमाम हिंदू परिवारों को घर छोड़कर पलायन करना पड़ा था। पाकिस्तान के सुप्रीम कोर्ट ने इमरान खान सरकार को निर्देश दिया था कि मंदिरों को दोबारा बनवाया जाए और आरोपियों को गिरफ्तार किया जाए। इसके बाद पुलिस ने एक्शन दिखाते हुए कुछ लोगों को गिरफ्तार किया था। इसके बाद भी अल्पसंख्यकों पर हमलों की घटनाएं रुक नहीं रही हैं।

पाकिस्तान में कट्टरपंथी इतने सक्रिय हो गए हैं कि उनका दमन करने में सरकार को भी पसीना आ जाता है। यही हालत आतंकवादियों के मामले में भी है। पाकिस्तान में हाफिज सईद जैसे आतंकी नेता खुलेआम घूमते हैं और भारत के खिलाफ आतंकवादी घटनाएं करने के लिए धन की उगाही भी करते हैं। कुछ वक्त के लिए सरकार हाफिज सईद जैसों को गिरफ्तार करती है, लेकिन बाद में उन्हें रिहा कर दिया जाता है। ऐसे में धार्मिक अल्पसंख्यकों के खिलाफ घटनाओं की बाढ़ आ गई है।