newsroompost
  • youtube
  • facebook
  • twitter

Elon Musk’s Passion: विमानों का भी शौक रखते हैं ट्विटर के मालिक एलन मस्क, बेड़े में शामिल किया 78 मिलियन डॉलर कीमत का ये जेट

टेक्सास की न्यूज वेबसाइट अस्टोनिया Austonia के मुताबिक जी700 को गल्फस्ट्रीम ने साल 2019 में लॉन्च किया था। अभी मस्क के पास इसी कंपनी का जी650ईआर विमान है। अमेरिकी अखबार वॉशिंगटन पोस्ट ने पहले खबर दी थी कि साल 2018 में ही इस विमान से एलन मस्क 150000 मील की उड़ान भर चुके थे।

न्यूयॉर्क। टेस्ला और स्पेस एक्स के मालिक एलन मस्क ने हाल ही में 44 अरब डॉलर की बड़ी रकम खर्च कर ट्विटर को खरीदा है। अब खबर ये भी है कि मस्क ने अपने निजी विमानों के बेड़े में नया विमान भी जोड़ा है। ‘बिजनेस इनसाइडर’ की खबर के मुताबिक ये विमान गल्फस्ट्रीम कंपनी का है। विमान का मॉडल ‘जी700’ है। इस निजी जेट को मस्क ने अपने सफर के लिए तैयार कराया है। विमान का भीतरी नजारा आपको चौंका देगा। चलिए आपको आज बताते हैं कि एलन मस्क का ये विमान कैसा है और इसकी भीतरी सजावट कैसी है।

gulfstream g700

सूत्रों के मुताबिक एलन मस्क ने जी700 विमान को इस साल जून में बुक कराया था। तब कंपनी ने बताया था कि तीन से चार महीने में ये विमान उनको मिलेगा। टेक्सास की न्यूज वेबसाइट अस्टोनिया Austonia के मुताबिक जी700 को गल्फस्ट्रीम ने साल 2019 में लॉन्च किया था। अभी मस्क के पास इसी कंपनी का जी650ईआर विमान है। अमेरिकी अखबार वॉशिंगटन पोस्ट ने पहले खबर दी थी कि साल 2018 में ही इस विमान से एलन मस्क 150000 मील की उड़ान भर चुके थे। मस्क के पास इसके अलावा तीन और विमान हैं। इनमें सबसे पहले उनका खरीदा दसॉ 900बी भी है। जो जी700 विमान मस्क ने खरीदा है, उसे 400 घंटे तक उड़ाने पर 35 लाख डॉलर का खर्च आता है। ये विमान 109 फिट के करीब लंबा है और ऊंचाई 25 फिट है।

gulfstream g700 1

जी700 विमान ध्वनि की गति के काफी करीब यानी 0.925 मैक पर उड़ता है। इस विमान के केबिन को कई हिस्सों में बांटा गया है। इसमें गैलरी, आगे बैठने की जगह, एंटरटेनमेंट, टॉयलेट, मीटिंग का कमरा और डाइनिंग स्पेस होता है। इसके अलावा इसमें बेडरूम भी होता है। विमान में 20 खिड़कियां होती हैं, ताकि दिन के समय रोशनी की कमी न रहे। विमान का बाथरूम काफी खास बनाया गया है। इसमें आदमकद शीशा, लेदर सीट वाला टॉयलेट और कीमती सामान रखने की जगह भी बनाई गई है। गल्फस्ट्रीम कंपनी के मुताबिक जी700 विमान में सामान रखने के लिए 195 घन फिट जगह है। यानी मस्क अपने साथियों के साथ काफी सामान लेकर इसमें उड़ान भर सकते हैं।

gulfstream g700 2