newsroompost
  • youtube
  • facebook
  • twitter

Afghanistan: इस आतंकी सरगना को अफगानिस्तान की कमान सौंपने की तैयारी, जानिए कौन है अखुंदजादा

Akhundzada: तालिबान के तमाम नेताओं से भी वह कभी नहीं मिला है। कुछ खास मौकों पर वह ऑडियो या वीडियो मैसेज के जरिए अपना पैगाम आतंकियों तक पहुंचाता रहा है।

akhundzada

काबुल। बीते 15 अगस्त को अफगानिस्तान पर तालिबान ने कब्जा तो जमा लिया, लेकिन अब तक वह नई सरकार देने में नाकाम रहा है। दुनियाभर के देशों की नजर तालिबान पर है कि वह किसके नेतृत्व में सरकार बनाता है। तालिबान ने पूर्व राष्ट्रपति हामिद करजई समेत कई नेताओं से बातचीत भी की थी। जिसके बाद लग रहा था कि सबको साथ लेकर तालिबान नई सरकार बनाएगा, लेकिन अब जानकारी मिल रही है कि नई अफगान सरकार का मुखिया खतरनाक आतंकी शेख हैबतुल्लाह अखुंदजादा को बनाया जाएगा। अखुंदजादा उन गिने-चुने आतंकियों में है, जिसके बारे में दुनिया के पास कम ही जानकारी है। बताया जा रहा है कि इसी हफ्ते अखुंदजादा नई सरकार की कमान संभाल लेगा। अखुंदजादा ऐसा आतंकी है, जिसे उसके संगठन के लोग ही कम जानते हैं। तालिबान के तमाम नेताओं से भी वह कभी नहीं मिला है। कुछ खास मौकों पर वह ऑडियो या वीडियो मैसेज के जरिए अपना पैगाम आतंकियों तक पहुंचाता रहा है। अखुंदजादा ने साल 2016 में तालिबान का जिम्मा संभाला था। उसके बारे में पश्चिमी खुफिया एजेंसियों को भी कम ही जानकारी है।

Taliban Baradar

इस बीच, अमेरिकी सैनिकों की पूरी तरह वापसी होने के बाद अब अफगानिस्तान पर अनिश्चितता के बाद और मंडरा रहे हैं। देश की आबादी करीब 4 करोड़ है, लेकिन पूरा देश अब तक अंतरराष्ट्रीय मदद के सहारे चलता रहा। तालिबान पर मानवाधिकार की रक्षा करने का दबाव भी अंतरराष्ट्रीय समुदाय डाल रहा है। तालिबान भी जानता है कि अगर पिछली बार की तरह उसने शासन चलाया और खूनखराबे का दौर लौटा, तो दुनिया से उसे आर्थिक मदद भी नहीं मिल पाएगी।

अखुंदजादा सरकार का मुखिया बनाया गया, तो वह शूरा यानी सर्वोच्च काउंसिल बनाएगा। उसमें 70 से ज्यादा मेंबर हो सकते हैं। पीएम पद के लिए अब्दुल गनी बरादर और पहले तालिबान के सर्वोच्च नेता रहे मुल्ला उमर के बेटे मुल्ला याकूब का नाम चर्चा में है। मुल्ला उमर को अमेरिकी हमले के बाद कंधार से भागना पड़ा था। तालिबान ने बीते दिनों कहा था कि वह देश का नया संविधान बनाएगा। साथ ही शरीयत को लागू करने के बारे में उसके नेता विरोधाभासी बयान दे रहे हैं।