newsroompost
  • youtube
  • facebook
  • twitter

Terror Attack: न्यूजीलैंड में ISIS आतंकी ने 6 लोगों को मारा चाकू, पुलिस ने किया ढेर, PM बोलीं- गिरफ्तारी संभव नहीं थी

Terror Attack: ऑकलैंड के पुलिस कमिश्नर एड्रू कोस्टर ने बताया कि शुक्रवार को घर से जब ये शख्स निकला, तभी से पुलिस का विशेष दस्ता उसका पीछा कर रहा था।

ऑकलैंड। न्यूजीलैंड के सबसे बड़े शहर ऑकलैंड में एक इस्लामी आतंकी ने शुक्रवार को 6 लोगों को एक सुपरमार्केट में चाकू मारकर घायल कर दिया। इसके बाद पुलिस ने जवाबी कार्रवाई करते हुए हमलावर को मार गिराया। हमलावर श्रीलंका का मूल निवासी था और पुलिस के मुताबिक आईएसआईएस से जुड़ा था। उसकी तलाश काफी दिनों से पुलिस कर रही थी। न्यूजीलैंड की पीएम जेसिंडा आर्डर्न ने हमले पर दुख जताते हुए कहा है कि पुलिस इस हमले को रोक नहीं सकी, इस वजह से वह खेद जताती हैं। उन्होंने कहा कि पुलिस की हमलावर पर पहले से नजर थी, लेकिन हम हमला होने से रोक नहीं सके। जेसिंडा के मुताबिक हमले में घायल तीन लोगों की हालत गंभीर है। यह घटना ऑकलैंड में स्थानीय समय के मुताबिक दोपहर करीब पौने तीन बजे हुई। न्यूजीलैंड की पीएम ने बताया कि पुलिस की टीम हमलावर का पहले से पीछा कर रही थी और हमले के बाद उसे तुरंत मार गिराया गया।

ऑकलैंड के पुलिस कमिश्नर एड्रू कोस्टर ने बताया कि शुक्रवार को घर से जब ये शख्स निकला, तभी से पुलिस का विशेष दस्ता उसका पीछा कर रहा था। वह पहले भी सुपरमार्केट आता रहा था। उसने स्टोर से ही चाकू लिया और लोगों पर ताबड़तोड़ हमले शुरू कर दिए। पुलिस ने जब उसे गिरफ्तार करना चाहा, तो हमलावर ने उन पर भी हमला कर दिया। जिसके बाद पुलिस ने जवाबी कार्रवाई कर उसे ढेर कर दिया।

Jacinda Ardern

वहीं, पीएम जेसिंडा का कहना है कि कानून के तहत इस व्यक्ति को गिरफ्तार नहीं किया जा सकता था। उन्होंने भरोसा दिलाया कि जल्दी ही कानून में बदलाव किया जाएगा।

ऑकलैंड में फिलहाल कोरोना का कहर बरपा है। इस वजह से यहां सख्त लॉकडाउन लगा हुआ है। ज्यादातर दुकानें बंद हैं और लोगों को जरूरी सामान खरीदने के लिए सुपरमार्केट जाना पड़ रहा है। हमलावर ने शायद पहले से ही जगह की रेकी कर ली थी और उसने हमला करने के लिए सही वक्त का चुनाव किया था। न्यूजीलैंड में इससे पहले भी कई आतंकी हमले हो चुके हैं। साथ ही इस्लामी आतंकवाद के खिलाफ आवाजें भी तेज हो गई हैं।