newsroompost
  • youtube
  • facebook
  • twitter

Nepal Earthquake: 6.4 तीव्रता के भूकंप से नेपाल में 100 से ज्यादा लोगों की मौत, बीती रात दिल्ली से पटना तक भी महसूस हुए थे झटके

भूकंप का केंद्र नेपाल के जाजरकोट जिले के लामिडांडा में था। रात में आए भूकंप की वजह से तमाम घरों को जबरदस्त नुकसान पहुंचा। घरों के गिरने से लोगों को संभलने का मौका भी नहीं मिला। इस वजह से वे मलबे में दबे और जान गंवा बैठे। बीती 22 अक्टूबर को भी नेपाल में बड़ी तीव्रता का भूकंप आया था।

काठमांडू। नेपाल में भूकंप से 100 से ज्यादा लोगों की मौत होने की खबर है। ये भूकंप बीती रात करीब 11.32 बजे आया था। भूंकप से लोगों की मौत रुकुम पश्चिम और जाजरकोट में हुई है। जाजरकोट में सबसे ज्यादा लोग मारे गए हैं। मृतकों में डिप्टी मेयर सरिता सिंह भी बताई जा रही हैं। भूकंप की तीव्रता 6.4 मापी गई थी। मलबे से तमाम घायलों को निकाला गया है। इन सभी को अस्पताल में दाखिल कराया गया है। मृतकों की संख्या बढ़ने की आशंका है। भूकंप का केंद्र नेपाल के जाजरकोट जिले के लामिडांडा में था। रात में आए भूकंप की वजह से तमाम घरों को जबरदस्त नुकसान पहुंचा। घरों के गिरने से लोगों को संभलने का मौका भी नहीं मिला। इस वजह से वे मलबे में दबे और जान गंवा बैठे। इससे पहले 22 अक्टूबर को नेपाल में 5.7 तीव्रता का भूकंप आया था। इस भूकंप का केंद्र डोटी इलाका था। बीती रात जो भूकंप आया, उसका केंद्र भी डोटी के पास ही होने की जानकारी मिली है।

नेपाल के पीएम पुष्प कमल दहल प्रचंड भूकंप प्रभावित इलाकों के दौरे पर गए हैं। नेपाल में शुक्रवार की रात जो भूकंप आया, उसके झटके दिल्ली, एनसीआर, यूपी के तमाम इलाकों और बिहार तक में महसूस किए गए थे। तभी लग रहा था कि इस भूकंप ने तबाही जरूर मचाई होगी। ये सच साबित हुआ और नेपाल में 100 से ज्यादा लोग अपनी जान गंवा बैठे। नेपाल और भारत के पहाड़ी इलाके भूकंप प्रभावित रहे हैं। ये पूरा इलाका भूकंप के लिहाज से 5वीं श्रेणी का है। यानी यहां छोटे-बड़े भूकंप आते ही रहते हैं और 5वीं श्रेणी का होने की वजह से जान-माल के नुकसान का खतरा बहुत ज्यादा रहता है। इससे पहले नेपाल में 25 अप्रैल 2015 को जबरदस्त भूकंप आया था। इस भूकंप से नेपाल में 8000 से ज्यादा लोगों की जान गई थी। तब भूकंप का असर नेपाल की राजधानी काठमांडू तक देखा गया था। इसके बाद से नेपाल में कई बार छोटे और बड़े भूकंप के झटके लगते रहे हैं।

nepal earthquake 1

नेपाल के दोती जिले में 9 नवंबर 2022 को भी 6.3 तीव्रता का भूकंप आया था। इस भूकंप से 6 से ज्यादा लोगों की जान गई थी। 24 जनवरी 2023 को भी नेपाल में 5.8 की तीव्रता का भूकंप दर्ज किया गया था। इस भूकंप से भी घरों को नुकसान पहुंचा था। नेपाल में भूकंप आने की वजह ये है कि हिमालय के नीचे धरती के दो प्लेट लगातार टकराते रहते हैं। इन टकरावों की वजह से ही जमीन ने उठकर हिमालय जैसे विशाल पर्वत शृंखला का रूप लिया है। यहां भविष्य में और भी बड़े भूकंप आने की चेतावनी वैज्ञानिक लगातार देते रहते हैं।