newsroompost
  • youtube
  • facebook
  • twitter

Vastu Tips: पूजा में शंख बजाना तो शुभ होता ही है, जानिए वास्तु और स्वास्थ्य के हिसाब से कितना फायदेमंद?

Vastu Tips: जहां शंख है, वहीं लक्ष्मी का वास स्थान होता है। इसके अलावा घर में शंख रखने से वास्तु दोष भी दूर होते हैं और साथ ही धन और आरोग्य की प्राप्ति भी होती है। आइए जानते हैं शंख वास्तु के हिसाब से और किन-किन तरीकों से उपयोगी है…

नई दिल्ली। हिन्दू धर्म में शंख का बहुत महत्व है। पूजा स्थल पर सनातन धर्म के प्रतीक शंख को रखना काफी शुभ माना जाता है। कहा जाता है कि पूजा के बाद इसे बजाने से इसकी ध्वनि शत्रुओं का नाश करती है, साथ ही सौभाग्य में वृद्धि भी करती है। हिन्दू धर्म में शंख का महत्व अनादि काल से रहा है। ऐसी मान्यता है कि शंख का स्पर्श पाकर जल गंगाजल की तरह पवित्र हो जाता है। मां लक्ष्मी और भगवान विष्णु दोनों ही हाथों में शंख धारण करते हैं। विष्णु पुराण में वर्णित कथा के अनुसार माता लक्ष्मी समुद्रराज की पुत्री हैं और शंख उनका सहोदर भाई है। शायद इसलिए कहा जाता है कि जहां शंख है, वहीं लक्ष्मी का वास स्थान होता है। इसके अलावा घर में शंख रखने से वास्तु दोष भी दूर होते हैं और साथ ही धन और आरोग्य की प्राप्ति भी होती है। आइए जानते हैं शंख वास्तु के हिसाब से और किन-किन तरीकों से उपयोगी है…

शंख के प्रकार

हिंदू शास्त्रों में शंख के तीन प्रकारों का उल्लेख मिलता है- दक्षिणावर्ती, मध्यावर्ती और वामवर्ती। कहा जाता है कि श्री विष्णु का शंख ‘मध्यावर्ती’ है वहीं मां लक्ष्मी का शंख ‘वामावर्ती’। धार्मिक मान्यताओं के अनुसार पूजा के समय इन्हीं दोनों शंखों का उपयोग किया जाता है।

शंख के वास्तु उपाय

1. शालिग्राम और मां लक्ष्मी की पूजा में दक्षिणावर्ती शंख का प्रयोग करने से धन की प्राप्ति होती है, साथ ही वैवाहिक जीवन में प्रगाढ़ता भी आती है।

2. ऐसा माना जाता है कि शंख में जल भरकर ईशान दिशा में रखने से परिवार में सामंजस्यता आती है।

3. पढ़ाई में कमज़ोर बच्चों को शंख में जल भरकर पिलाने से उनकी बौद्धिक क्षमता का विकास होता है।

4. घर में शंख बजाने से उसकी ध्वनि से सकारात्मक ऊर्जा उत्पन्न होती है और नकारात्मक ऊर्जा का नाश हो जाता है।

5. घर में शंख बजाने से और इसकी पूजा करने से सभी मनोकामनाएं पूरी होती हैं।

शंख का धार्मिक और वैज्ञानिक महत्व

धार्मिक दृष्टिकोण से तो शंख महत्वपूर्ण है ही, वैज्ञानिक रूप से भी इसका काफी महत्व होता है। कहा जाता है कि शंख की ध्वनि वातावरण में मौजूद कीटाणुओं को नष्ट करने में सहायक होती है। इसके अलावा शंख में चूने का पानी भरकर पीने से शरीर में कैल्शियम की स्थिति भी अच्छी रहती है, साथ ही शंख बजाने से दिल और फेफड़े से संबंधित बीमारी भी दूर होती है।