newsroompost
  • youtube
  • facebook
  • twitter

Covid: महाराष्ट्र, दिल्ली और बंगाल में कोरोना का हाहाकार जारी, मौतों की संख्या कम होने से राहत

महाराष्ट्र में शुक्रवार रात तक कोरोना के 43211 नए केस मिले और 19 लोगों की जान गई। वहीं, ओमिक्रॉन वैरिएंट के नए 238 केस मिले हैं। इससे इस वैरिएंट के कुल मरीजों की तादाद 1605 हो गई है। देश की राजधानी दिल्ली की बात करें, तो यहां पॉजिटिविटी रेट बढ़कर 30 फीसदी हो गई है। सक्रिय केस भी इसी रफ्तार से बढ़े हैं।

नई दिल्ली। देश में लगातार कोरोना के मामले बढ़ तो रहे हैं, लेकिन शुक्रवार को आए आंकड़ों से लग रहा है कि इसके सबसे ज्यादा प्रकोप वाले राज्यों महाराष्ट्र, दिल्ली और पश्चिम बंगाल में केस कम हुए हैं। हालांकि, पॉजिटिविटी रेट 15 दिन में ही 15 फीसदी हो गई है। कोरोना से मौतों के मामले में दूसरी लहर के मुकाबले राहत है। बीते एक दिन में 315 लोगों की जान गई है। जबकि, पिछले साल अप्रैल और मई में हर रोज करीब 1500 मौतें हो रही थीं। महाराष्ट्र में शुक्रवार रात तक कोरोना के 43211 नए केस मिले और 19 लोगों की जान गई। वहीं, ओमिक्रॉन वैरिएंट के नए 238 केस मिले हैं। इससे इस वैरिएंट के कुल मरीजों की तादाद 1605 हो गई है।

Coronavirus

देश की राजधानी दिल्ली की बात करें, तो यहां पॉजिटिविटी रेट बढ़कर 30 फीसदी हो गई है। सक्रिय केस भी इसी रफ्तार से बढ़े हैं। दिल्ली में शुक्रवार रात तक 24383 नए केस मिले। इससे एक दिन पहले यहां 28867 नए मरीज मिले थे। पश्चिम बंगाल में भी एक दिन पहले के मुकाबले 22645 नए मरीज मिले। यहां 28 लोगों ने जान गंवा दी। असम में कोरोना के 2348 नए मरीज मिले हैं और 5 लोगों ने जान गंवाई है। वहीं, झारखंड में कोरोना के 3749 नए मरीज मिले और 3 लोगों की मौत हुई।

corona viral

दक्षिण की ओर चले, तो कर्नाटक और तमिलनाडु में कोरोना के नए मरीजों की तादाद में लगातार हो रही बढ़ोतरी से हाहाकार मचा है। शुक्रवार को तमिलनाडु में कोरोना के 23459 केस मिले। यहां 26 मरीजों ने दम तोड़ दिया। कर्नाटक में कोरोना के 28723 केस मिले हैं और 14 लोगों की जान गई है। कर्नाटक में हर 3 दिन में मरीजों की संख्या करीब दोगुनी हो रही है। पड़ोसी राज्य केरल में भी शुक्रवार रात तक कोरोना के 16338 नए केस मिले। केरल में इस दौरान 20 लोगों ने जान गंवा दी। गुजरात, यूपी और अन्य राज्यों में भी हालात गंभीर रूप लेते दिख रहे हैं। हालांकि, विशेषज्ञ ये मान रहे हैं कि फरवरी के तीसरे हफ्ते तक कोरोना के केस कम होने शुरू होंगे। आईआईटी कानपुर के विशेषज्ञ प्रोफेसर मणींद्र अग्रवाल का कहना है कि फरवरी तक पूरे देश में पीक आ जाएगा और उसके बाद तेजी से नए कोरोना मरीजों की संख्या कम होनी शुरू होगी।