newsroompost
  • youtube
  • facebook
  • twitter

Rahul Gandhi And Priyanka Vadra To Visit Ayodhya: भगवान रामलला के दरबार में मत्था टेकेंगे राहुल गांधी और प्रियंका गांधी वाड्रा!, सूत्रों के मुताबिक फिर भरेंगे अमेठी-रायबरेली से नामांकन

Rahul Gandhi And Priyanka Vadra To Visit Ayodhya: कांग्रेस ने अब तक अमेठी और रायबरेली लोकसभा सीट पर कोई प्रत्याशी नहीं उतारा है। इस वजह से दोनों सीटों को लेकर चर्चा खूब हो रही है। राहुल गांधी ने बीते दिनों इस बारे में सवाल पूछे जाने पर कहा था कि वो पार्टी का आदेश मानेंगे।

नई दिल्ली। राहुल गांधी और प्रियंका गांधी वाड्रा अयोध्या में रामलला के दरबार जाने वाले हैं। अंग्रेजी वेबसाइट इंडिया टुडे ने सूत्रों के हवाले से ये दावा किया है। राहुल गांधी केरल की वायनाड सीट से लोकसभा का चुनाव लड़ रहे हैं। वायनाड में कल यानी शुक्रवार को वोटिंग है। वायनाड में चुनाव खत्म होने के बाद राहुल गांधी बहन प्रियंका गांधी वाड्रा के संग अयोध्या का दौरा कर सकते हैं। सूत्रों के हवाले से वेबसाइट ने खबर दी है कि राहुल गांधी एक बार फिर अमेठी लोकसभा सीट से चुनाव लड़ने की तैयारी कर रहे हैं। वहीं, पड़ोस की रायबरेली सीट से कांग्रेस इस बार प्रियंका गांधी वाड्रा को मैदान में उतारने जा रही है। अमेठी और रायबरेली से नामांकन दाखिल करने से पहले राहुल और प्रियंका अयोध्या में रामलला के दर्शन करेंगे।

कांग्रेस ने अब तक अमेठी और रायबरेली लोकसभा सीट पर कोई प्रत्याशी नहीं उतारा है। इस वजह से दोनों सीटों को लेकर चर्चा खूब हो रही है। इंडिया टुडे की खबर में दावा है कि राहुल और प्रियंका गांधी अगर अमेठी और रायबरेली से लोकसभा चुनाव लड़ते हैं, तो 1 से 3 मई के बीच दोनों नामांकन करेंगे। दोनों ही जगह 26 अप्रैल से नामांकन का काम शुरू होकर 3 मई तक चलेगा। अमेठी और रायबरेली में 20 मई को वोटिंग होनी है। अमेठी सीट से राहुल गांधी 2019 में लोकसभा का चुनाव हार गए थे। उनको बीजेपी की प्रत्याशी स्मृति इरानी ने हराया था। वहीं, रायबरेली सीट से लगातार लोकसभा चुनाव जीतने वाली सोनिया गांधी अब राजस्थान के रास्ते राज्यसभा चली गई हैं। ऐसे में पहले से ही ये कयास लग रहे हैं कि बेटी प्रियंका गांधी वाड्रा के लिए उन्होंने रायबरेली की सीट खाली की है।

indira and rajiv gandhi
कांग्रेस अधिवेशन में इंदिरा के साथ राजीव गांधी

अयोध्या जाकर राहुल गांधी और प्रियंका गांधी वाड्रा अगर रामलला के दर्शन करते हैं, तो पहली बार गांधी खानदान से कोई यहां पहुंचेगा। इंदिरा गांधी और राजीव गांधी कई बार अयोध्या गए थे, लेकिन वे उस वक्त कभी भी बाबरी मस्जिद में स्थापित रामलला के दर्शन करने नहीं गए। गांधी परिवार ने भगवान रामलला की प्राण प्रतिष्ठा से भी दूरी बना ली थी। उसने प्राण प्रतिष्ठा को बीजेपी और आरएसएस का राजनीतिक कार्यक्रम बताया था। इसी वजह से पीएम नरेंद्र मोदी और बीजेपी के नेता गांधी खानदान को खूब निशाने पर लेते हैं।